महाराष्ट्र के कोल्हापुर में गत 16 फरवरी को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता गोविंद पानसरे की हत्या के मामले में पुलिस ने आज एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोल्हापुर और सांगली की पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत एक व्यक्ति को कोल्हापुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान समीर गायकवाड़ के रूप में की गई है। उसे सात दिन के पुलिस रिमांड के लिये आज ही कोल्हापुर की अदालत में पेश किया गया।
उन्होंने बताया कि कॉल डिटेल्स के आधार पर समीर को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि उन्होंने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देने से यह कहते हुये इन्कार किया कि अभी मामले की जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि गत 16 फरवरी को पानसरे को दो मोटर साइकिल सवार हमलावरों ने उस समय गोली मार दी थी, जब वह अपनी पत्नी के साथ सुबह की सैर पर निकले थे। हमले में गंभीर रूप से घायल पानसरे को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार दिन बाद 20 फरवरी को उनकी मौत हो गई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें