बेर्न , 21 नवंबर, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) की नैतिक समिति ने भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे फीफा के अध्यक्ष सैप ब्लेटर और यूएफा के प्रमुख माइकल प्लातिनी के खिलाफ आरोपो की जांच पूरी कर ली है और समिति ने इन दाेनों पर दो प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है। फीफा की नैतिक समिति ने आठ अक्टूबर को ब्लेटर और प्लातिनी को वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप में 90 दिन के लिए निलंबित कर दिया था। ब्लेटर पर यूएफा के प्रमुख माइकल प्लातिनी को 2011 में 20 लाख डॉलर देने का आरोप है।
फीफा ने शनिवार को एक बयान में कहा,“ फीफा की स्वतंत्र नैतिक समिति ने हेंस जोआकिम एकर्ट की अध्यक्षता में अपनी अंतिम रिपोर्ट फीफा को सौंप दी है। समिति ने अपनी रिपोर्ट में इन दोनो पर फिर से प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है।” हालांकि रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि जांच में क्या पाया गया है जिस कारण इन पर दोबारा से प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की गई है। रिपोर्ट के खुलासे के बारे में समिति ने कहा,“ गोपनीयता कानून और असुविधा के कारण समिति रिपाेर्ट को सार्वजनिक नहीं करेगी।”
फीफा की अपील समिति ने इस सप्ताह सैप ब्लेटर और यूएफा के प्रमुख माइकल प्लातिनी की निलंबन की अपील खारिज कर दी थी। इसके बाद ब्लेटर ने अपने मामले को लुसाने के कोर्ट में ले जाने का फैसला किया था। यूएफा के अध्यक्ष माइकल प्लातिनी भी वित्तीय आरोपों का सामना कर रहें है। हालांकि दोनों इस बात को खारिज कर दिया है कि उन्होंने कुछ गलत किया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें