पटना 21 नवम्बर, बिहार की नयी सरकार में सबसे युवा नेता तेजस्वी यादव ने आज अपने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर माता-पिता के कार्यों को बचपन से ही देखने और श्री नीतीश कुमार जैसे परखे नेता के निर्देशन में काम करने के कारण उप मुख्यमंत्री पद के दायित्वों के निर्वहन में उनका कम अनुभव कभी बाधा नहीं बनेगा । श्री यादव ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह बचपन से ही अपने पिता लालू प्रसाद यादव और मां राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री के तौर पर काम करते देखते रहे हैं और उनसे बहुत कुछ सीखा है । उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार जैसे परखे हुए मुख्यमंत्री के निर्देशन में काम करने के कारण उप मुख्यमंत्री पद के दायित्वों के निर्वहन में कभी भी उनका कम अनुभव बाधा नहीं बनेगा ।
इससे पहले श्री यादव ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर अपने आलोचकों को जवाब देते हुए ट्वीट किया कि लोगों को किताब का अंदाजा उसके कवर से नहीं लगाना चाहिए । वह उप मुख्यमंत्री के तौर पर बेहतर काम करने के लिए पूरी जान लगा देंगे । उन्होंने कहा कि वह इतना बेहतर काम करने की कोशिश करेंगे जिससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनपर नाज होगा । बिहार के विकास के लिए और ‘ब्रांड बिहार’ को बड़ा बनाने के लिए वह कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। श्री यादव ने आगे ट्वीट कर कहा , “मेहनत और प्रतिभा धीरे-धीरे ही सामने आती है । बिहार की जनता ने युवा शक्ति पर भरोसा दिखाया है जिसका सुफल उन्हें जरूर मिलेगा ”।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें