नयी दिल्ली, 12 नवंबर, भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुवैत में संपन्न 13वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में 17 स्वर्ण, 14 रजत और 13 कांस्य पदक सहित कुल 44 पदक जीत लिए है। लंदन ओलंपिक के रजत पदक विजेता विजय कुमार ने चैंपियनशिप के अंतिम दिन दो और पदक भारत की झोली में डाले। विजय ने पुरुषों की 25 मीटर सेन्टर फायर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। साथ ही अनुभवी निशानेबाज समरेश जंग और पेंबा तमांग के साथ टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता।
विजय को 25 मीटर सेन्टर फायर पिस्टल स्पर्धा के करीबी मुकाबले में थाइलैंड के पोंगपोल कुचईरताना से हारकर कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। विजय और पोंगपोल ने 584 का स्कोर बनाया। कोरिया के दाई क्यू जांग ने 585 के स्कोर के साथ सोने का तमगा हासिल किया। वहीं टीम स्पर्धा में विजय कुमार, पेंबा तमांग और समरेश जंग ने 1736 के स्कोर के साथ रजत पदक पर कब्जा जमाया। कोरियाई टीम ने 1738 स्कोर के साथ स्वर्ण और वियतनाम ने 1731 स्कोर बनाकर कांस्य पदक जीता।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें