नयी दिल्ली, 12 नवंबर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने तीन दिवसीय दौरे पर आज सुबह ब्रिटेन के लिये रवाना हो गये। श्री मोदी सुबह हवाई अड्डे पहुंचे जहां उनके साथ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी नज़र आयीं। दोनों नेताओं ने काफी देर तक हवाई अड्डे पर ही खड़े होकर आपस में बातचीत की जिसके बाद श्री मोदी एयर इंडिया के विमान से ब्रिटेन के लिये रवाना हो गये। इससे पहले प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, “ब्रिटेन के लिये रवाना हो रहा हूं। मुझे पूरी उम्मीद है कि इस दौरे से भारत और ब्रिटेन के बीच आर्थिक संबंध अौर मजबूत होंगे तथा भारत में निवेश को बढ़ावा मिलेगा।” श्री मोदी इस दौरान ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से बकिंघम पैलेस में तथा प्रधानमंत्री डेविड कैमरन से मुलाकात करेंगे। वह ब्रिटिश संसद को भी संबोधित करेंगे।
श्री मोदी के ब्रिटेन दौरे पर चर्चा का मुख्य विषय दोनों देशों के बीच रक्षा और आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देना रहेगा। ब्रिटेन दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते जी -7 अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और अपने रचनात्मक उद्योगों के लिए जाना जाता है। भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा, “इस दौरे से हमारे आर्थिक और व्यापार संबंधों में सुधार होगा जो दोनों ही देशों की अर्थव्यवस्थाओं के लिए लाभप्रद साबित होगा।” ब्रिटेन में श्री मोदी कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। अपने तीन दिवसीय ब्रिटेन दौरे पर वह महारानी क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय से बकिंघम पैलेस में मुलाकात करेंगे जहां वह उनके स्वागत में भोज देंगी। इसके अलावा वह ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के साथ पहले लंदन और फिर चेकर्स में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
श्री मोदी ब्रिटिश संसद के विशेष सत्र को भी संबोधित करेंगे जो किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री का ब्रिटेन की संसद में पहला संबोधन होगा। वह लंदन शहर में गिल्डहॉल में भी एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और वाहन बनाने की कंपनी जैगुआर लैंड रोवर के कारखाने को देखने भी जायेंगे। शुक्रवार को वह वेंबले स्टेडियम में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे और उम्मीद की जा रही है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्रिटेन में रह रहे भारतीय नागरिक शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी अपनी इस यात्रा के दौरान डाॅ. भीमराव अंबेडकर के एक स्मारक का भी उद्घाटन करेंगे जहां पढ़ाई के दौरान डॉ. अंबेडकर रहा करते थे। उन्होंने कहा, “यह गर्व का क्षण होगा कि मैं उस स्थान पर भी जाउंगा जहां डॉ बाबासाहेब अंबेडकर अपने लंदन आवास के दौरान रहे थे।” डॉ अंबेडकर के आवास को फिलहाल एक स्मारक के तौर पर बदल दिया गया है। प्रधानमंत्री का ब्रिटेन की महत्वपूर्ण कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से मिलने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद वह 12वीं सदी के भारतीय दार्शनिक बसवेश्वर की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे। ब्रिटेन में करीब 15 लाख प्रवासी भारतीय रहते हैं जबकि दस सांसद भारतीय मूल के हैं।
श्री मोदी इसके बाद जी-20 सम्मेलन में भाग लेने के लिये तुर्की रवाना हो जायेंगे। वह अपनी यात्रा के दूसरे पड़ाव में 15 और 16 नवम्बर को तुर्की के अंताल्या में प्रस्तावित समूह-20 की बैठक में भी हिस्सा लेंगे, जहां वह कालाधन, समावेशी विकास, वित्तीय नियमन और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में शासकीय सुधार जैसे प्रमुख मुद्दे उठाएंगे। भारतीय प्रधानमंत्री इस दौरान कई द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें