कर्नाटक में तनाव के बाद स्थिति शांतिपूर्ण - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 12 नवंबर 2015

कर्नाटक में तनाव के बाद स्थिति शांतिपूर्ण

peace-in-karnataka-after-tension-on-tipu
मदिकेरी, 12 नवंबर, कर्नाटक के कोडागु जिले में टीपू सुलतान की जयंती समारोह के दौरान हुई हिंसा में एक व्यक्ति की मौत के बाद तनावपूर्ण हुई स्थिति आज सामान्य हो गयी। इस घटना में मरने वालों की संख्या बढकर दो हो गयी है। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के जिला सचिव डीएस कुटप्पा की मौत के बाद हिंसा के दौरान 23 वर्षीय सोहेल अहमद को गोली लगी जिसके बाद मैसुरु के एक निजी अस्पताल में कल रात उसकी माैत हो गयी। कुटप्पा की मौत के विरोध में भारतीय जनता पार्टी और अन्य दक्षिणपंथी संगठनाें ने हड़ताल का अाह्वान किया था। 

जिला उपायुक्त प्रभारी कूर्म राव ने कहा कि दो दिन तक व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहने के बाद आज फिर से खुल गए और लोग जरूरी सामानों की खरीददारी करते हुए देखे गए। परिवहन सेवाएं भी सुचारु रूप से बहाल हो गयी हैं। उन्होंने कहा कि जिले में निषेधाज्ञा लागू है और शिक्षण संस्थानों में अवकाश की घोषणा कर दी गयी है। पुलिस अधीक्षक वर्तिका कटियार ने कहा कि विहिप नेता कुट्टपा की मौत 10 नवंबर को मदिकेरी में उस वक्त हुई जब वह दो समुदायों के बीच हुई हिंसा में पथराव से बचने की कोशिश कर रहे थे।

किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मैसुरु, हासन और चामराजनगर से अतिरिक्त सुरक्षाबलों को संवेदनशील इलाके में भेजा गया है। मदिकेरी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अर्ध सैनिक बलों के जवानों को बुलाये जाने की संभावना है। सुश्री कटियार ने कहा कि जिले में हालात अब शांतिपूर्ण हैं और पुलिस ने हिंसा की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करके जल्द ही उन्हें पकड़ लेगी। स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस महानिरीक्षक (दक्षिणी रेंज) बी.के. सिंह ने जिले में डेरा डाला हुआ है।

इस बीच हाल ही में नियुक्त हुए जिला प्रभारी मंत्री दिनेश गुंडु राव के हिंसा प्रभावित इलाकों और कुटप्पा के घर का दौरा करने की संभावना है। श्री राव इस घटना के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए पुलिस और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने इस घटना की जांच क्षेत्रीय आयुक्त से कराने की घोषणा की हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: