नयी दिल्ली 15 नवंबर, रेल और हवाई यात्रा, वातानुकूलित रेस्त्राँ में खाना, बिजली-पानी का बिल सहित सभी सेवाएँ आज से महँगी हो गयी हैं। केंद्र सरकार द्वारा सेवा कर के दायरे में आने वाले हर खर्च पर 0.5 प्रतिशत स्वच्छ भारत अधिभार लगाने से अब सेवाकर की दर 14 प्रतिशत से बढ़कर अधिभार सहित 14.5 प्रतिशत हो गयी है। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि यह अधिभार रविवार से प्रभावी हो गया है। उसने स्पष्ट किया है कि सेवा कर के दायरे में आने वाले खर्च की गणना पूर्ववत होगी और उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मसलन, वातानुकूलित रेस्त्रां में 100 रुपये का खाना खाने पर 14 प्रतिशत सेवा कर सिर्फ 40 रुपये पर ही देना होता था। अब 40 रुपये का 14.5 प्रतिशत सेवा कर एवं स्वच्छ भारत अधिभार के रूप में देना होगा। अधिभार के कारण आज से रेल एवं हवाई टिकट बुक कराना, बिजली-पानी का बिल, होटलों में ठहरना, रेस्त्रां में खाना खाना, मोबाइल रिचार्ज, ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने जैसी सभी जरूरी सेवाएँ महँगी हो जायेंगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई बुकिंग 15 नवंबर से पहले की गयी है और इनवॉयस 29 नवंबर से पहले बना है, उस स्थिति में अधिभार नहीं देना होगा। यही नियम अन्य सेवाओं पर भी लागू होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें