यांगून 13 नवम्बर, म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू की की नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) पार्टी को संसदीय चुनावाें में बहुमत मिल गया है, चुनाव आयोग ने आज यह जानकारी दी। सू की पार्टी को बहुमत मिलने पर अब यह पार्टी नया राष्ट्रपति चुन सकती है। मतों की गिनती अभी भी जारी है। म्यांमार की संसद के 664 सदस्यीय दो सदनों के लिए जरूरी बहुमत एनएलडी ने हासिल कर लिया है और पार्टी ने बहुमत के जादुई आंकड़े 329 को पार कर लिया है। देश में 25 वर्ष बाद पहली बार गत रविवार को हुए स्वतंत्र चुनाव में एनएलडी को बहुमत से ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान है।
म्यांमार पर लगभग आधी शताब्दी से सेना का शासन रहा है और 2011 से वहां अर्धसैनिक तथा नागरिक सरकार है, जिसने 2015 का चुनाव निष्पक्षता के साथ कराया है। देश के राष्ट्रपति एवं सेनाध्यक्ष की ओर से फेसबुक पर जारी वक्तव्य में सुश्री सू की को बधाई दी गई है और चुनाव परिणाम का सम्मान कर सरकार बनवाने का वादा किया गया है।
म्यांमार के इस चुनाव ने सैनिक अधिकारियों की पार्टी यूनाइटेड साॅलिडरिटी डेवलपमेंट पार्टी का सफाया कर दिया है लेकिन चुनाव में सफाये के बावजूद म्यांमार के सुरक्षा बलों का संसद की 25 प्रतिशत सीटों के माध्यम से दबदबा बना रहेगा। मनोनयन से भरी जाने वाली ये सीटें सेना के उन अधिकारियों के लिए हैं, जो चुनाव नहीं लड़ सके। अांग सान सू की का किसी संवैधानिक पद पर पहुंचने का रास्ता 2008 के संविधान के चलते अवरुद्ध है। वह अपने दोनों बेटों की विदेश नागरिकता के कारण चुनाव नहीं लड़ सकतीं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें