पटना 21 दिसम्बर, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने आज कहा कि अनाधिकृत रूप से कार्य से अनुपस्थित पाये जाने वाले डाक्टरों को सेवा से बर्खास्त कर दिया जायेगा । श्री यादव ने यहां मुख्य सचिवालय स्थित सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक में कहा कि सभी अस्पतालों में चिकित्सकों और कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेवारी सिविल सर्जन की होगी । क्षेत्रीय अपर निदेशक और मुख्यालय स्तर पर गठित निरीक्षण दल सतत औचक निरीक्षण करेगा । उन्होंने कहा कि कार्य में अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों को सेवा से बर्खास्त किया जायेगा । वहीं सत्य निष्ठ और लगन से काम करने वाले पदाधिकारियों को विभाग प्रोत्साहित करेगा ।
स्वास्थ्य मंत्री ने अवैध दवा कारोबार को रोकने के लिए भी सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया और कहा कि सिविल सर्जन इस पर निगरानी रखे और अवैध दवा करोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करें । उन्होंने भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की सरकार की नीति की चर्चा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सभी कार्यो में पारदर्शिता लायी जाये और दलालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाये। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव आर.के.महाजन और राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक जितेन्द्र श्रीवास्तव समेत अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें