पूर्व रेल मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट ..बुलेट ट्रेन.. की उपयोगिता पर प्रश्नचिह्न खड़े करते हुए प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है जिसमें परियोजना को लेकर कई सवाल किये गये हैं।
श्री यादव ने माइक्रो ब्लॉगिंग साईट ट्विटर पर पत्र की प्रति जारी की है। पूर्व रेल मंत्री ने अपने पत्र के माध्यम से परियोजना से संबंधित कई सवाल पूछे हैं और प्रधानमंत्री से इसका जवाब मांगा है। प्रधानंमत्री के अलावा उन्होंने पत्र की एक प्रति रेल मंत्री सुरेश प्रभु को भी भेजी है।
पत्र में श्री यादव ने लिखा कि देश में जहां लाखों लोग हर साल गरीबी, बीमारी और कुपोषण के कारण मर जाते हैं, वहां करीब एक लाख करोड़ रुपये लागत वाली बुलेट ट्रेन परियोजना का औचित्य क्या है। उन्होंने इस परियोजना को 'सफेद हाथी' बताते हुए कहा है कि सिर्फ एक परियोजना के लिए इतनी राशि खर्च करने की क्या जरूरत है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें