बसोहली/जम्मू कश्मीर , 24 दिसंबर, रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने रूस को भारत का पुराना दोस्त बताते हुए आज कहा कि उसके साथ पुराने करार जारी रहने के साथ ही नए सौदे भी किये जा रहे हैं। श्री पर्रिकर ने कठुआ जिले की बसोहली तहसील में अटल सेतु को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि रूस के साथ भारत के संबंध हमेशा से अच्छे रहे हैं। दोनों के बीच कभी भी दूरियां नहीं आयी हैं। रक्षा मंत्री ने कहा“ रूस के साथ पुराने किये गए करार जारी है तथा हम नए सौदे भी कर रहे हैं।”
अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के देश के युवकों पर असर से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि युवाओं से उचित संवाद करके आईएस का प्रभाव कम करने की कोशिश की गयी है और इस में काफी हद तक सफलता भी मिली है। इस मुद्दे को बहुत बढ़ा -चढ़ाकर नहीं देखा जाना चाहिए। पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई के जासूस भारतीय सेना में होने से जुड़े सवाल पर श्री पर्रिकर ने कहा कि इसलिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें