गोड्डा, 04 जनवरी: झारखंड में गोड्डा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रघुनंदन मंडल का कल देर रात ह्दय गति रुकने से निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे। अाधिकारिक सूत्रों ने बताया कि श्री मंडल कोरका स्थित अपने पैतृक आवास पर थे तभी कल रात लगभग 11 बजे उनके सीने में दर्द उठा। जिसके बाद आनन -फानन में उन्हें गोड्डा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
श्री मंडल के परिवार में उनकी पत्नी के अलावा, दो पुत्र और एक पुत्री है। वह वर्ष 2014 में गोड्डा से भाजपा के टिकट पर पहली बार विधायक बने थे। श्री मंडल के पिता सुमरित मंडल भी तीन बार बिहार विधानसभा के सदस्य रह चुके थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें