पटना 10 जनवरी, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष और केन्द्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री रामविलास पासवान ने आज दावा किया कि बिहार में सत्तारूढ महागठबंधन के घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) तथा जनता दल यूनाईटेड (जदयू )में वर्चस्व को लेकर लड़ाई शुरू हो गयी है और सरकार दो वर्ष से अधिक चलने वाली नहीं है । श्री पासवान ने यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि महागठबंधन सरकार में राजद के सबसे अधिक विधायक हैं और इसी आधार पर राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का सरकार पर दबदबा बना हुआ है । श्री यादव के एक पुत्र जहां उप मुख्यमंत्री बने हुए हैं वहीं दूसरे पुत्र स्वास्थ्य मंत्री हैं । उन्होंने कहा कि सरकार में किसी पद पर नहीं रहने के बावजूद राजद अध्यक्ष श्री यादव किस हैसियत से इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान,पटना का निरीक्षण किया और इस दौरान वहां मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये । लोजपा अध्यक्ष ने कहा कि सुशासन का दावा करने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजद अध्यक्ष के दवाब में काम कर रहे हैं । ऐसे में मुख्यमंत्री को दवाब में काम करना है तो उन्हें अपना पद छोड़ देना चाहिए । उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि श्री कुमार विवश क्यों है और एक ..पपेट.. सरकार क्यों चला रहे है । उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार जब तक प्रदेश में रहेगी लोगों का जान-माल सुरक्षित रहने वाला नहीं है । बिहार की दुर्गति हो रही है ।
श्री पासवान ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2016 बिहार के लिए संकट का साल साबित हो रहा है । प्रदेश के लोग मातम मना रहे हैं । उन्होंने कहा कि कहीं इंजीनियर तो कहीं पुलिस इंस्पेक्टर मारे जा रहे हैं । पुलिस अधीक्षक और विधायकों से रंगदारी मांगी जा रही है । उन्होंने कहा कि कोई ऐसा दिन नहीं है जब बलात्कार की घटनाएं नहीं हो रही है । रंगदारी अब आम बात हो गयी है । लोजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में रंगदार की सरकार बन गयी है जिसके कारण अपराधी अब बेखौफ होकर खुलेआम घूम रहे हैं । पूरे देश में बिहार में गिरती हुई कानून व्यवस्था की चर्चा हो रही है । केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पूर्व ही उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री श्री कुमार जुमलों के बल पर सुशासन का दावा ठोक रहे हैं जबकि सच्चाई इसके उलट है । बिहार के लोगों ने 15 वर्ष तक लालू-राबड़ी और 10 वर्ष तक नीतीश सरकार को देखा है,इसके बावजूद लोगों को भ्रम में डालकर महागठबंधन के नेताओं ने सत्ता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व लोगों को आगाह किया गया था कि महागठबंधन की सरकार बनने पर जंगलराज-2 की वापसी होगी वह बात अब सही साबित हो रही है । श्री पासवान ने कहा कि पूरे बिहार में आतंक फैला हुआ है । उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि .. दूध की रखवाली के लिए बिल्ली को लगा दिया गया है ..। महागठबंधन की सरकार के डेढ़ माह के कार्यकाल में ही लोग काफी परेशान गये । उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को सरकार का संरक्षण मिला हुआ है जिसके कारण प्रशासनिक अधिकारी भी मौन साधे हुए हैं । पार्टी सरकार की इस रवैये के खिलाफ शीघ्र ही आंदोलन की रूप रेखा तैयार करेगी । इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस और विधायक राजू तिवारी तथा अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें