नयी दिल्ली 26 फरवरी, राज्यसभा में आज कांग्रेस के नेतृत्व में संपूर्ण विपक्ष ने मां दुर्गा के बारे में ‘अपमानजनक टिप्पणी’ के उल्लेख के लिए केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी से बिना शर्त माफी की मांग की। सदन की कार्यवाही शुरू करते हुए उप सभापति पी जे कुरियन ने जरुरी विधायी कामकाज निपटाने के बाद जैसे ही शून्यकाल आरंभ करने के लिए सदस्य का नाम पुकारा तो कांग्रेस के उप नेता आनंद शर्मा ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए कहा कि सदन में किसी धर्म या किसी देवी देवता की निंदा नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि भारत का समाज बहुधर्मी है और इसमें किसी भी धर्म की निंदा को स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसलिए इस टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से निकाला जाना चाहिए और संबंधित केंद्रीय मंत्री को इसके लिए सदन और देश से माफी मांगनी चाहिए। श्री शर्मा की इस मांग का समर्थन तृणमूल कांग्रेस, जनता दल युनाईटेड और अन्य दलों के सदस्यों ने भी किया। श्रीमती ईरानी से माफी मांगने से इंकार करते हुए कहा कि उन्होंने जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय में बांटे गए एक पर्चे को पढा है क्योंकि सदस्यों ने इसकी मांग की है। इस पर कई सदस्य आसन के समक्ष आ गए और नारेबाजी करने लगे। श्री शर्मा ने इस पर उप सभापति से व्यवस्था देने की मांग की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें