नयी टिहरी, 16 अप्रैल, उत्तरखंड में हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि राज्यहित में भाजपा सरकार बनाने के लिए तैयार है। अगर राज्यपाल भाजपा को सरकार बनाने का न्योता देंगे तो भाजपा सरकार बनाकर प्रदेश को विकास की राह पर आगे बढ़ाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री निशंक एक स्कूल और होटल के उद्घाटन के लिए टिहरी पहुंचे थे। यहां नई टिहरी प्रेस क्लब में आयोजित सम्मान समारोह का सांसद निशंक ने दीप प्रज्वलन किया। यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्री निशंक ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा में लोकतंत्र की हत्या की है। जिस सरकार का विनियोग बजट पास नहीं हुआ उसे इस्तीफा देना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने ऐसा नहीं किया। जनता सब जानती है और इसका जवाब कांग्रेस को देगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में प्रदेश विकास की राह पर आगे बढ़ रहा था लेकिन कांग्रेस ने चार साल में ही प्रदेश को गर्त में डाल दिया। उन्होंने कहा कि अगर राज्यपाल भाजपा को सरकार बनाने के लिए कहेंगे तो भाजपा राज्यहित में सरकार बनाएगी। भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री कौन होगा इस सवाल पर निशंक ने कहा कि इसका फैसला भाजपा समय आने पर करेगी। इस दौरान प्रेस क्लब नई टिहरी की तरफ से सांसद निशंक का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, पूर्व विधायक ओमगोपाल रावत, संजय नेगी, अतर सिंह तोमर, दिनेश डोभाल, बेबी असवाल, खेम सिंह चैहान, जयप्रकाश पांडे, मुकेश रतूड़ी आदि मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें