शराबबंदी से अपराधों में आयी है कमी : नीतीश कुमार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 16 अप्रैल 2016

शराबबंदी से अपराधों में आयी है कमी : नीतीश कुमार

ban-on-liquor-stoped-crime-nitish-kumar
पटना ,16 अप्रैल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी के कारण खुशी का माहौल है और अपराधों में कमी आयी है । श्री कुमार ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि शराबबंदी से शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में बहुत खुशी का माहौल है। महिलाओं के साथ-साथ पुरुष भी इस फैसले से खुश हैं ।उन्होंने कहा कि मदिरा पर प्रतिबंध के बाद अपराधों की संख्या में कमी दर्ज की गयी है।अधिकतर गंभीर अपराध शराब के नशे में ही किये जाते हैं । मुख्यमंत्री ने कहा कि शराबबंदी से पर्यटन और होटल व्यवसाय पर असर नहीं पड़ेगा। सैलानी बिहार में शराब पीने नहीं आते हैं वे यहां की धार्मिक,सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को देखने और उनका अध्ययन करने आते हैं । उन्होंने कहा कि होटलों में लोग शराब ही पीने नहीं जाते हैं, वहां नाश्ता और भोजन करते हैं तथा ठहरते हैं ।

श्री कुमार ने बिहार के विकास के लिए विशेष राज्य का दर्जा मिलना जरुरी बताया।उन्होंने कहा कि विशेष दर्जा मिलने से केन्द्रीय करों मे छूट मिलेगी और तभी उद्यमी राज्य में आकर अपना कारोबार शुरु करेंगे ।राज्य सरकार अपनी ओर से उद्योगपतियों को आकर्षित करने के हरसंभव प्रयास कर रही है लेकिन राज्य को विशेष दर्जा न मिलने से यहां अपेक्षित निवेश नहीं हो पा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पूर्व उन्होंने अपने जो सात निश्चय घोषित किये थे,उनका क्रियान्वयन शुरु कर दिया गया है। महिलाओं के लिए राज्य सरकार की नौकरियां में 35 प्रतिशत आरक्षण लागू हो गया है।स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता भत्ता और कौशल विकास के लिए दो अक्टूबर से जिला पंजीकरण केन्द्र काम करना शुरु कर देंगे। श्री कुमार ने यहां एडवांटेज कॉन्क्लेव-2016 में कहा कि राज्य सरकार प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा के साथ-साथ उच्च शिक्षा के प्रसार और गुणवत्ता सुधार पर जोर दे रही है ।सड़कों के निर्माण और सभी को पेयजल उपलब्ध कराने के काम में गति लायी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में न्याय के साथ विकास किया जा रहा है और अगले कुछ वर्षों में परिवर्तन स्पष्ट रुप से दिखायी देने लगेगा ।राज्य के विकास के लिए बहुत काम किया गया है और अभी बहुत कुछ किया जाना है । 

कोई टिप्पणी नहीं: