लखनऊ, 17 अप्रैल, समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने आज दावा किया कि प्रखर समाजवादी नेता चंद्रशेखर को प्रधानमंत्री बनवाने में उनकी अहम भूमिका थी। श्री यादव ने कहा, “ पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर ने एक बार कहा था कि यदि मुलायम सिंह यादव की इच्छा है तो वह प्रधानमंत्री बन सकते हैं। राजीव गांधी के साथ मेरे अच्छे संबध थे और इस मुद्दे पर मैने उनसे बात की। श्री गांधी ने इस शर्त के साथ हामी भरी कि चंद्रशेखर की कैबिनेट में कमला मोरारका मंत्री नही होंगी। हालांकि चंद्रशेखर की निकट सहयोगी मोरारका बाद में मंत्री नियुक्त हुयी।” पार्टी मुख्यालय में दिवगंत प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की 90वी जयंती के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुये सपा मुखिया ने कहा, “ चन्द्रशेखर को हालांकि अपनी राजनीतिक सहयोगी को सम्मान दिलाने की कीमत प्रधानमंत्री पद गंवा कर चुकानी पडी मगर उन्होने अपने मित्रों और सिद्धांतों के साथ कभी समझाैता नही किया। वह हर अहम फैसले पर मुझसे सलाह मशविरा जरूर करते थे। ”
देश में संसदीय लोकतंत्र की जडों को मजबूत करने में श्री चंद्रशेखर की अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुये श्री यादव ने कहा कि बेहद नम्र पारिवारिक पृष्ठभूमि वाले चन्द्रशेखर देश के प्रधानमंत्री बने। उन्होंने जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाये गये आपातकाल का प्रखर विरोध किया और इस कारण मीसा कानून के तहत उन्हें जेल जाना पडा। श्री यादव ने कहा कि चन्द्रशेखर प्रखर और पारदर्शी व्यक्तित्व रखते थे। हम अनेक समाजवादी आंदोलन में साथ थे। मै सोशलिस्ट पार्टी के साथ था जबकि व प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के साथ थे। हम दोनों के बीच कभी कोई समस्या नही हुयी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें