मुंबई,08 अप्रैल, कैटरीना कैफ की धूम,जैकलीन फर्नांडिज के यार ना मिले,ड्वेन ब्रावो के चैंपियन डांस, यो यो हनी सिंह के चार बोतल वोदका और रणवीर सिंह की बाजीराव मस्तानी प्रस्तुति और क्रिकेट के दिग्गज सितारों की मौजूदगी से शुक्रवार को आईपीएल के नौंवे सत्र का उद्घाटन समारोह चकाचौंध हो उठा। आईपीएल नौ के उद्घाटन समारोह में पूरी दूनिया को झूमने पर मजबूर करने के लिये फिल्मी से लेकर क्रिकेट सितारों तक सब कुछ मौजूद था। आईपीएल की शुरुआत शनिवार को गत चैंपियन मुंबई इंडियंस अौर नयी टीम राइजिंग पुणे सुपरजाएंटस के बीच मुकाबले से होने जा रही है लेकिन इससे 24 घंटे पहले रंगारंग और झूमते उद्घाटन समारोह ने समां बांध दिया। जैसी उम्मीद थी उद्घाटन समारोह वैसा ही चकाचौंध वाला रहा।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत जैकलीन फर्नांडिज के जबर्दस्त डांस शो से हुयी और फिर यह डांस ग्रुप किंग्स यूनाइटेड के परफार्मेंस, स्टेज पर सभी आठ कप्तानों की मौजूदगी और उनके एमसीसी खेल भावना के शपथ लेने से गुजरता हुअा कैटरीना कैफ के धूम मचा ले,ब्रावो के चैंपियन डांस,यो यो हनी सिंह के दम दम दम और रणवीर सिंह के तूने मारी एंट्रियां -दिल में बजी घंटियां तक जा पहुंचा। हर परफार्मेंस पर स्टेडियम में माैजूद दर्शक और क्रिकेटर थिरकने के लिये मजबूर होते रहे। चैंपियन डांस पर तो वेस्टइंडीज के कीराेन पाेलार्ड ने खड़े होकर कुछ झटके भी लगा लिए। यो यो हनी सिंह के चार बोतल वोदका पर दर्शक और भी झूम उठे। चमचमाती राेशनी और लेजर शो के बीच उद्घाटन समारोह माया नगरी मंबई की तरफ पूरी तरह बाॅलीवुड के रंग में रंगा रहा।
उद्घाटन समारोह के बीच में पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने सभी आठ टीमों के कप्तानों को मंच पर बुलाया। शुरुआत दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान जहीर खान से हुयी। उनके बाद गुजरात लायंस के सुरेश रैना, किंग्स इलेवन पंजाब के डेविड मिलर,काेलकाता नाइट राडर्स के गौतम गंभीर, पुणे सुपरजाएंटस के महेंद्र सिंह धोनी, रॉयल चेंलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली, सनराइजर्स हैदराबाद के डेविड वार्नर और गत चैंपियन मुंबई के रोहित शर्मा मंच पर पहुंचे। धोनी और विराट के लिये दर्शकों ने सबसे ज्यादा तालियां बजायीं। इसके बाद आईपीएल ट्रॉफी एक रस्सी के सहारे नीचे उतारी गयी जिसे राेहित ने थाम लिया। आईपीएल अध्यक्ष राजीव शुकला और बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर फिर मंच पर पहुंचे। शुकला ने दर्शकों काे संबोधित करते हुये कहा,“ इस बार लोगों काे आईपीएल से जोड़ा जाएगा।” शुकला ने कहा,“ दर्शकों को आउट या नाट आउट फैसलों में कुछ कहने का अधिकार होगा। उन्हें हां या ना लिखे कार्ड दिये जाएंगे। किसी खिलाड़ी के आउट होने के बाद दर्शक ये कार्ड दिखा सकेंगे। हांलांकि अंतिम फैसला थर्ड अंपायर का होगा। स्टंप्स में एलईडी लाइट्स होंगी और देश के विभिन्न हिस्सों में 36 आईपीएल पार्क बनाए गए हैं।” इसके बाद आठों कप्तानों ने एमसीसी खेल भावना की शपथ ली।
कप्तानों के शपथ लेने के बाद कैटरीना ने धूम मचा दे का जलवा दिखाया जबकि विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज के ब्रावो चैंपियन-चैंपियन और चलो-चलाे तथा यो यो हनी सिंह के दम-दम ने तो कार्यक्रम में जैसे चार चांद लगा दिये। रणवीर के दिल ने मारी घंटियां-दिल में बजी घंटियां ने दर्शकों के दिलों की जैसे घंटियां ही बजा दीं। इस गाने के बाद रणवीर अपने फिल्म बाजीराव मस्तानी के बाजीराव के ड्रेस में जैसे ही स्टेज पर पहुंचे जोरदार तालियां बजने लगीं। रणवीर ने फिर कैटरीना,जैकलीन, यो यो हनी सिंह और ब्रावो को मंच पर बुला लिया। इसके बाद एक बार फिर चैंपियन-चैंपियन पर झूमना शुरु हो गया। उद्घाटन समरोह की हर प्रस्तुति दिलकश आैर झूमने वाली थी। उद्घाटन समारोह दो घंटे से भी अधिक समय तक चला।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें