गुवाहाटी,08 अप्रैल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम में तेज गति से विकास के लिए केंद्र तथा राज्य में डबल इंजन को जरूरत बताते हुए आज कहा कि ऐसा करने पर ही राज्य तीव्र गति से विकास की पटरी पर आ पायेगा। उन्होंने साथ ही अपने विकास के एजेंडे को गिनाया तथा मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट देने की अपील की। श्री मोदी ने राज्य के दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में लोगों को संबोधित करते हुए कहा ''कुछ लोग त्रिशंकु विधानसभा का इंतजार कर रहे हैं और उनको लग रहा कि किसी को स्पष्ट बहुमत मिलने वाला नहीं है इसलिए वह सरकार बना लेंगे। मैं आप सभी से निवेदन करता हूं कि असम के भविष्य के लिए आधे-अधूरे हृदय से निर्णय न करें। हमें अपनी सेवा के लिए स्पष्ट बहुमत के साथ एक मौका दें।'' उन्होंने कहा कि रिमोट कंट्रोल की सरकार राज्य का विनाश कर देगी। प्रधानमंत्री ने केंद्र तथा राज्य में एक ही पार्टी सरकार का समर्थन करते हुए कहा कि असम को डबल इंजन की जरूरत है। इनमें से एक सरकार दिल्ली में तथा दूसरा यहां होना चाहिए ताकि राज्य को तेज विकास के पथ पर लाया जा सके।
श्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर हमला करते हुए कहा ,“ हमारी सरकार अधिक काम करने में विश्वास करती है , केवल बात करने में नहीं। उन्होंने जो कहा वह सही है और उनके समय हुए घोटाले अब बोल ही रहे हैं। मनमोहनजी ने कहा कि जुबान से ज्यादा काम बोलता है और अब तो आपका काम बोलने लगा है... ये तो सच है कि पाप बोलते हैं और अब तो कलई खुलने लगी है जिससे सब परेशान हैं।” श्री मोदी ने कहा कि इस राष्ट्र को लंबे समय तक पीछे वाली सीट से संचालित किया है और कहा कि किसी के हाथ में रिमोट कंट्रोल नहीं दें। उन्होंने कहा कि कुछ त्रिशंकु विधानसभा की उम्मीद लगाये बैठे हैं तथा उन्हें लग रहा है कि वे लोग इसका फायदा उठायेंगे। उन्होंने सवाल किया क्या ऐसे लोगों की मंशा पूरी होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा , ''बैक सीट ड्राइविंग’ से इस देश को काफी नुकसान पहुंचा है... वे लोग देश के हित में नहीं हैं....किसी के हाथ में रिमोट कंट्रोल नहीं देेें।'' उन्होंने मुख्यमंत्री तरुण गोगोई पर हमला करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार तथा भाई-भतीजावाद को लेकर उनकी सरकार सुर्खियों में रही है। उन्होंने कहा कि हमें असम के पुत्रों तथा पुत्रियों की चिंता है लेकिन किसी खास के पुत्र और पुत्री को लेकर कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के मतदान में तीन दिन रह गये हैं तथा लोग झूठ तथा अफवाह फैलाने की कोशिश करेंगे। यह आप लोगों की ड्यूटी है कि ऐसी अफवाहों से बचे। अगर दुर्भाग्यवश अस्थाई सरकार असम में बनती है तो देश को तोड़ने वाली ताकतों को फायदा होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि शारदा चिट फंड घोटाला भविष्य में नहीं हो इसलिए प्रधानमंत्री जनधन योजना शुरू की गयी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें