पटना 17 अप्रैल, बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कांग्रेस की डुब रही नाव पर सवार होकर प्रधान मंत्री बनने का सपना देख रहे हैं जो कभी पूरा होने वाला नहीं है। भाजपा विधानमंडल दल के नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने श्री कुमार के गैर संघवाद की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यहां कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय स्तर पर सफाया हो चुका है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक को छोड़कर किसी भी बड़े राज्य में अब कांग्रेस की सरकार नहीं है। श्री मोदी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद केरल और असम में भी जल्द ही कांग्रेस सत्ता से बाहर होने वाली है और इसके बाद उत्तर पूर्व के कुछ सीमित हिस्से में इस पार्टी की सरकार रह जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस मुक्त भारत का जो नारा दिया है उसे लोगों ने स्वीकार कर लिया है और अब यह साकार होने जा रहा है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वहीं दूसरी ओर भाजपा का प्रभाव राष्ट्रीय स्तर पर हाल के वर्षों में बढ़ा है । वर्तमान में भाजपा 14 राज्यों में सत्ता में है । उन्होंने कहा कि ..कांग्रेस मुक्त भारत से भाजपा युक्त भारत.. की ओर जनता बढ़ रही है। श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस जैसे डूबते नाव पर सवार होकर श्री कुमार को प्रधानमंत्री बनने का सपना कभी पूरा होने वाला नहीं है।उन्होंने कहा कि श्री कुमार बहुत ही छोटी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता हैं और ऐसी स्थिति में उनके प्रधानमंत्री बनने की संभावना बिलकुल नहीं है । श्री कुमार का वही हाल होगा जो एक समय पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा , चंद्रशेखर और आई.के. गुजराल का हुआ था । पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कुमार भाजपा के सहयोग से ही 17 वर्षों तक अपने राजनीतिक को चमकाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के समर्थन से श्री कुमार तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री बन चुके हैं और अब उनका भाजपा तथा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ बयान देना शोभा नहीं देता है।
बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता डा. प्रेम कुमार ने कहा कि आरएसएस एक सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्था है। उन्होंने कहा कि आरएसएस कोई राजनीतिक दल नहीं है जिसके खिलाफ श्री कुमार बयान दे रहे है। यदि श्री कुमार सोंचते हैं कि आरएसएस के खिलाफ बयान देने से उन्हे कोई लाभ होगा तो यह उनका भ्रम है। डा. कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार बिहार में हर मोर्चें पर विफल हो चुके है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार के सत्ता में आने के बाद विधि-व्यवस्था चौपट हो गयी है और पूरे राज्य में जल संकट व्याप्त है। इसे दूर करने के लिए सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि महागठबंधन में श्री कुमार के अलावा कई अन्य नेता भी प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे है । राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव कभी भी श्री कुमार के प्रधानमंत्री बनने का सपना पूरा नहीं होने देंगे । उन्होंने कहा कि श्री कुमार का प्रधानमंत्री बनने का सपना महज सपना ही रह जायेगा ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें