राँची, 16 अप्रैल, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड शहीदों और क्रांतिकारियों की धरती है। श्री दास ने आज यहां अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि आनेवाली पीढ़ी कोे हमारे अमर वीर शहीदों की जानकारी मिले, इसके लिए सरकार ने ठोस कदम उठाये हैं। शहीद बिरसा मुंडा कारागार में बन रहे बिरसा मुंडा स्मृति स्मारक में झारखंड के शहीदों की प्रतिमा लगेगी और साथ ही लाइट और साउंड शो के द्वारा भी उनकी जीवनी से लोगों को अवगत कराया जायेगा। पाठ्यक्रम में भी शहीदों की जीवनी को शामिल करने का निर्देश शिक्षा विभाग को दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शहीदों के परिजनों और वंशजों के उत्थान के लिए कृत संकल्प है। आज शहीदों के बलिदान के कारण ही हम आजादी की हवा में सांस ले पा रहे हैं। उनके परिजनों और वंशजों की मदद में सरकार और समाज दोनों को आगे आना होगा।
सरकार जल्द ही शहीदों के परिजनों की समस्याओं का निवारण करने में हरसंभव मदद करेगी। उन्हें दर-दर की ठोकर न खानी पड़े, इसके लिए सरकार काम कर रही है। इससे पहले श्री दास ने हटिया चांदनी चैक पर शहीद स्मारक का उद्घाटन और धुर्वा गोल चक्कर स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में विधायक नवीन जायसवाल, राम कुमार पाहन, पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय समेत शहीदों के परिजन उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें