कोलकाता 27 अप्रैल, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता बुद्धदेव भट्टाचार्य एवं कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गाँधी ने आज पहली बार मंच साझा करते हुए ममता बनर्जी की सरकार को हराने का आह्वान किया। दोनों नेताओं ने मंच पर अभिवादन करने के बाद मतदाताओं से पश्चिम बंगाल को बड़े खतरे से बचाने की अपील की। उन्होंने अपने संबोधनों में कांगेस-वाम मोर्चे की सरकार का महत्व एवं आवश्यकता भी समझाया। श्री भट्टाचार्य ने कोलकाता दक्षिण, दक्षिण 24 परगना एवं हुगली जिले के 53 सीटों पर 30 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए कहा, “आपको इस रैली का महत्व समझना होगा। पार्क सर्कस मैदान में कई रैलियाँ हुई हैं। लेकिन आपने इस तरह की रैली नहीं देखी होगी।” उन्होंने आगे कहा, “हम एक साथ आये हैं क्योंकि राज्य में खतरनाक सरकार है और हम अकेले उसे हरा नहीं सकते। लाल और तिरंगा झंडा एकसाथ लहरा रहा है। कांग्रेस और वाम मोर्चे के नेता एक मंच पर हैं। राहुल गाँधी और मैं एकसाथ बैठा हुआ हुआ हूँ। क्यों? क्योंकि हमने यह समझ लिया है कि वर्तमान सरकार के तहत राज्य खतरे में है।”
श्री गाँधी ने नरेन्द्र मोदी की केन्द्र सरकार एवं सुश्री बनर्जी की राज्य सरकार दोनों की आलोचना करते हुए कहा कि इन्होंने लोगों को बेरोजगारी का आंच में झोंक दिया है। उन्होंने कहा, “जहाँ केन्द्र में सुंदर, प्यारी और सूट-बूट की सरकार है, वहीं राज्य में शारदा और नारद की सरकार है।” उन्होंने कहा कि बंगाल ने कभी पूरे देश को नेतृत्व दिया है, लेकिन अब यह सबसे नीचे है। कोई नया उद्योग नहीं आ रहा है, जूट की कंपनियाँ बंद हो रही हैं, बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ममताजी ने सत्ता में आने से पहले भ्रष्टाचार से लड़ने का दावा किया था लेकिन अब उनकी पार्टी के सांसद, विधायक एवं मंत्री भ्रष्टाचार के कई आरोप झेल रहे हैं। श्री गाँधी ने पिछले महीने ध्वस्त हुए निर्माणाधीन विवेकानंद फ्लाईओवर में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के शामिल होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल के कारण यह दुर्घटना हुई और इसके कारण कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें