नयी दिल्ली, 29 जून, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने केन्द्रीय मंत्रिमंडल के दूसरे विस्तार एवं फेरबदल तथा भाजपा के सांगठनिक पुनर्गठन काे लेकर आज शाम यहां मंत्रणा की और सरकार एवं पार्टी के नये कलेवर को अंतिम रूप दिया। सूत्रों के अनुसार श्री शाह शाम करीब सात बजे सात रेसकोर्स रोड स्थित प्रधानमंत्री आवास पहुँचे। वित्त एवं सूचना प्रसारण मंत्री अरुण जेटली भी इस बैठक में मौजूद थे। सूत्राें ने बताया कि प्रधानमंत्री की चार जुलाई से शुरू हो रही चार अफ्रीकी देशों की यात्रा के पहले मंत्रिमंडल विस्तार किया जायेगा।
इसी समय भाजपा का सांगठनिक पुनर्गठन किया जायेगा। सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल के विस्तार में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को तरजीह दिये जाने की संभावना है जहां कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। असम से भी मंत्रिमंडल में सर्वानंद सोनोवाल के स्थान पर कोई नया चेहरा लाया जाएगा जिन्हें राज्य में मुख्यमंत्री बनाया गया है। कुछ मंत्रियों को सरकार से हटाकर संगठन में लाये जाने की चर्चा है। बिहार से बनाये गये कुछ मंत्रियों को हटाया जा सकता है। सरकार के प्रमुख मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल किया जा सकता है। श्री मोदी ने हाल ही में अपने मंत्रियों के विभागों की समीक्षा और मंत्रियों के कामकाज का आकलन किया है। उसी के आधार पर मंत्रिमंडल एवं सांगठनिक पुनर्गठन किये जाने की संभावना है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें