इस्लामाबाद 13 जून, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने कल कहा कि अगर 48 देशों का परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह परमाणु अप्रसार संधि में अभी तक शामिल नहीं होने वाले देशों को अपने ग्रुप का सदस्य बनाने का सामान्य आधार तैयार करता है तो इस दृष्टि से इसका सदस्य बनने का पाकिस्तान का दावा भारत से कही अधिक मजबूत है। श्री अजीज ने कल डान न्यूज से कहा कि परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह में शामिल होने के पाकिस्तान के आधार युक्त रूख को कई देशों का समर्थन मिला है। परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह अपने ग्रुप में गैर परमाणु अप्रसार संधि वाले देशों को शामिल करने का आधार तैयार करता है तो पाकिस्तान का दावा अधिक मजबूत है।
उन्होंने कहा कि परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह में शामिल होने के लिए आवेदन की हमारी रणनीति भारत के बाद ऐसा करने की थी और हमने यही किया हमने यह आवेदन भारत के आवेदन पत्र देने से तीन महीने बाद दिया। उन्होंने कहा कि हम आशा करते है कि अगर भारत को इस ग्रुप में प्रवेश मिलता है तो अपने मजबूत आधार के चलते पाकिस्तान भी इससे पीछे नहीं रहेगा। दूसरे देशों को परमाणु तकनीक देने के पाकिस्तान के परमाणु वैज्ञानिक डाॅ. अब्दुल कादिर खान की स्वीकारोक्ति के बारे में पूछे जाने पर सरताज अजीज ने कहा कि सभी देशों ने यह देखा है कि पाकिस्तान अपनी परमाणु सम्पदा की किसी प्रकार रक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान परमाणु समूह में शामिल होने के लिए कठोर प्रयास कर रहा है और यह समूह परमाणु अप्रसार तथा परमाणु अस्त्र बनाने वाली सामग्री की रक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें