नयी दिल्ली,14 जून, आम आदमी पार्टी (आप)के गोपाल राय ने स्वास्थ्य कारणों से परिवहन मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है, उनकी जगह अब दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य और लोक निर्माण मंत्री श्री सत्येन्द्र जैन परिवहन मंत्रालय का काम काज देेखेंगे। श्री राय के पास श्रम और ग्राीमण विकास मंत्रालय भी है। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पहले ही इस बात से अवगत करा दिया था कि उनका स्वास्थ्य इन दिनों ठीक नहीं रहता है जिसके कारण वह परिवहन मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय को अपना पूरा समय नहीं दे पा रहे हैं। श्री राय की पिछले महीने एक बडी सर्जरी हुई थी। उनके गर्दन में पिछले 17 साल से एक गोली फंसी हुई थी जिसे निकालने के लिए यह सर्जरी की गई थी। सर्जरी के बाद से ही श्री राय का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। डॉक्टरों ने भी उन्हें आराम करने की सलाह दी थी।
श्री राय पर दिल्ली में प्रस्तावित प्रीमियम बस सेवा को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया जा रहा था। उन्हाेंने इस आरोप काे बेबुनियाद करार देते हुए कल जारी बयान में कहा था कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप साबित हुए तो वह अपने पद से त्यागपत्र दे देंगे। इस मामले में आज भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के समक्ष पेश होने के पहले श्री राय का इस्तीफा दिया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। यह मामला ऐसे समय आया है जब संसदीय सचिव पद के मामले को लेकर आप के 21 विधायकों पर पहले से ही खतरा मंडरा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें