नयी दिल्ली, 28 जुलाई, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर उनकी हत्या कराये जाने की आशंका व्यक्त करने के एक दिन बाद आज पार्टी के प्रमुख नेता आशुतोष ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब चुनाव से पहले पार्टी के आधे से ज्यादा लोग जेल के पीछे होंगे। आशुतोष ने पार्टी के विधायकों की एक-एक कर के हो रही गिरफ्तारी पर केन्द्र और दिल्ली पुलिस को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि श्री डोभाल को यह अच्छी तरह मालूम है कि पंजाब चुनाव में किसको किसके खिलाफ खड़ा करना है और इससे पहले ही पार्टी के आधे से ज्यादा लोग जेल में होंगे। ओखला से विधायक अमानतुल्ला खां की गिरफ्तारी के संबंध में आशुतोष ने आरोप लगाया कि विधायक को पकड़ने गयी पुलिस ने उनकी एक बात नहीं सुनी। उनका आरोप है कि श्री खां को निर्वस्त्र उठाया गया और हाथ में चोट लगे होने के बावजूद उनकी कोई बात नहीं सुनी गयी।
श्री खां की पत्नी के साथ पुलिस ने धक्कामुक्की की और विधायक को उठाकर ले गयी। आप नेता ने कहा कि हमारे विधायकों को फंसाने की केन्द्र और दिल्ली सरकार लगातार कोशिश कर रही है। आप पार्टी महिला कार्यकर्ता साेनी की आत्महत्या के मामले में रमेश को गिरफ्तार किया गया है, उसके साथ पुलिस बर्बरता से पेश आ रही है। पुलिस रमेश पर पार्टी के विधायक शरत चौहान का इस मामले में नाम लेने के लिए रमेश पर दबाव डाल रही है। उन्हें और दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष राखी बिडलान को शाम तक गिरफ्तार किये जाने की आशंका आशुतोष ने जतायी है। गौरतलब है कि श्री केजरीवाल ने कल सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके केन्द्र सरकार पर दमनकारी हाेने का अारोप लगाते हुये उससे अपनी जान को खतरा बताया है। श्री केजरीवाल ने कहा “ पहले ही दमन हो रहा है और आने वाले समय में ये और गंदा होने वाला है। ये किसी भी हद तक जा सकते हैं, हमें ये मरवा भी सकते हैं, ये मुझे भी मरवा सकते हैं, ये कुछ भी कर सकते हैं।” दिल्ली के मुख्यमंत्री ने ‘आप’ के विधायकों, मंत्रियों और कार्यकर्ताओं से कमर कस लेने का आह्वान करते हुये कहा कि वे अपने परिवार वालों से बात कर लें। उनकाे बार-बार जेल जाना हो और जेल जाना तो छोटी बात है उन्हें कुर्बानी देने के लिये तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा “कुर्बानी देने के लिए तैयार हो तो साथ रहो, अगर दिल में कोई कमजोरी है, तो थोड़े दिन के लिए साथ छोड़ दो।”

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें