नयी दिल्ली 27 जुलाई, ग्रीन हाउस गैसों के बढ़ते उत्सर्जन तथा जलवायु परिवर्तन के कारण वर्ष 2016 अब तक का सबसे गर्म साल होगा। पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री वाई. एस. चौधरी ने आज यहाँ मंत्रालय के गठन के 10 साल पूरा होने के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, “पिछले एक दशक के दौरान पृथ्वी के औसत तापमान में सबसे तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है और इस समय यह औद्योगीकरणकाल से पहले के मुकाबले 1.02 डिग्री ज्यादा है। वर्ष 2016 के अब तक के सबसे गर्म साल रहने का अनुमान है।” उन्होंने कहा कि पिछले दस साल के दौरान पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत काफी प्रगति हुई है अौर सरकार इस काम को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पृथ्वी विज्ञान मंत्री डाॅ. हर्षवर्द्धन ने बताया कि भविष्य के लिए मंत्रालय की योजनाएँ काफी महत्वाकांक्षी हैं। उन्होंने 10 साल की उपलब्धियों को असाधारण बताते हुये कार्यक्रम में मौजूद वैज्ञानिकों तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मंत्रालय के अधीनस्थ मौसम विभाग ने पिछले दो साल में जो भी भविष्यवाणी की है वह सही साबित हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें