नयी दिल्ली,29जुलाई, मध्यप्रदेश के मंदसौर में कथित गोमांस के मुद्दे पर मुस्लिम महिलाओं के साथ मारपीट की घटना पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह के बयान से असंतुष्ट विपक्षी दलों के सदस्यों ने आज लोकसभा से वाकआॅउट किया। कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा शून्य काल के दौरान मंदसौर की घटना का मुद्दा उठाए जाने पर गृहमंत्री ने कहा कि कानून और व्यवस्था राज्य का मामला है। मध्यप्रदेश सरकार ने इस घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावी कदम उठाए हैं। जांच की जा रही है। सब भरोसा रखें न्याय होगा। इन्साफ मिलेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
कांग्रेस,तृणमूल कांग्रेस,जनता दल युनाइटेड,राष्ट्रीय जनता दल,राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और वामदल के सदस्य श्री सिंह के इस जवाब से असंतुष्ट दिखे और नारेबाजी करते हुए सदन से उठकर चले गए श्री सिंह के इस बयान के पहले श्री खड़गे ने मंदसौर घटना के लिए केन्द्र और मध्यप्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गोरक्षा के नाम पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मुसलमानों और महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। यह सब केन्द्र और राज्य सरकार की शह पर हो रहा है। दो मुसलमान महिलाओं को जिस गोमांस के नाम पर पीटा गया दरअसल वह गोमांस नहीं बल्कि बीफ था। जांच में भी यह सामने आ चुका है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को इतनी शह मिली हुई है कि उन्होंने महिलाओं को पीटते समय यह भी कहा कि तुम महिलाएं हो इसलिए छोड़ रहे वरना जान से मार देते। उन्हाेंने कहा कि भाजपा के राज में आए दिन यह सब हो रहा है। मुसलमानों के साथ ही दलित भी निशाना बन रहे हैं। हर 18 मिनट पर एक दलित के खिलाफ देश में अपराध हो रहे है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें