आंनदीबेन ने की मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की पेशकश, भाजपा का संसदीय बोर्ड करेगा निर्णय - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 1 अगस्त 2016

आंनदीबेन ने की मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की पेशकश, भाजपा का संसदीय बोर्ड करेगा निर्णय

aanndiben-offered-to-resign-from-the-post-of-chief-minister-the-bjp-parliamentary-board-will-take-decision
गांधीनगर/नयी दिल्ली 01 अगस्त, गुजरात की मुख्यमंत्री श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने केंद्रीय नेतृत्व को आज एक पत्र लिख कर उन्हें पदमुक्त करने का आग्रह किया है जिस पर अंतिम फैसला सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी का केंद्रीय संसदीय बोर्ड करेगा। हालांकि ऐसा माना जा रहा है कि श्रीमती पटेल की विदायी लगभग तय है और उनके उत्तराधिकारी का फैसला भी भाजपा आलाकमान ही करेगा। इसकी दौड में पार्टी के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष विजय रूपाणी सबसे आगे माने जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री नीतिन पटेल तथा शिक्षा मंत्री भूपेन्द्रसिंह चूडासमा के भी इस दौड में होने की बात कही जा रही है। श्रीमती पटेल ने आज अपने फेसबुक पर इस बारे में सार्वजनिक लिखित और वीडियो संदेश में कहा कि पार्टी की ओर से 75 वर्ष की अधिकतम उम्रसीमा के बाद राजनीतिक जवाबदारी से मुक्त होने की अनुकरणीय परंपरा शुरू की गयी है जिससे नयी पीढी को अवसर मिल सके। मेरे भी 75 साल आगामी नवंबर में पूरे हो रहे हैं। पर 2017 के अंत मे गुजरात में विधानसभा चुनाव हैं और जनवरी में महत्वपूर्ण निवेश सम्मेलन वाइब्रेंट गुजरात समिट, इसलिए मेरी जगह नवनियुक्त मुख्यमंत्री को इनकी तैयारियों के लिए समय मिल सके इसके लिए मैने दो माह पहले भी पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के समक्ष मुझे जवाबदारी से मुक्त करने का आग्रह किया था। मै आज फिर पत्र के जरिये विरष्ठ नेताओं से मुझे मुख्यमंत्री पद से मुक्त करने की नम्र विनती कर रही हूं। 


श्री रूपाणी ने बाद में यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि श्रीमती पटेल ने स्वयं ही यह पेशकश की है तथा अपना पत्र केद्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भेजा है। जिसकी प्रति फेसबुक पर भी है। अब इस बारे में केद्रीय नेतृत्व ही फैसला करेगा। उधर श्री शाह ने नयी दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि उन्हें श्रीमती पटेल का यह पत्र मिला है। श्री शाह ने कहा, ‘वास्तविकता यह है कि श्रीमती पटेल ने उनसे दो बार पदमुक्ति की इच्छा जतायी थी। पिछले दिनों प्रयाग कार्यकारणी में भी उन्होंने बताया था पर गांधीनगर के महानगरपालिका चुनाव तथा कुछ अलग अलग कारणों से इस पर विचार नहीं किया गया। उन्होंने एक पत्र सुबह मुझे भेजा और अच्छी परंपरा बनायी है। उन्होंने कहा है कि नवंबर में उनके 75 साल पूरे हो रहे हैं और पार्टी की परंपरा के अनुरूप नये व्यक्ति को मौका मिलना चाहिए। मै संसदीय बोर्ड के समक्ष उनके पत्र और उनकी भावना को रखूंगा और वही इस पर निर्णय लेगा। श्रीमती पटेल ने गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में अच्छा काम किया है और मोदी जी ने गुजरात के चहुंमुखी विकास के लिए जो काम किया उसे अच्छे मकाम पर ले गयी हैं। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि उनके अभी इस्तीफे के पेशकश की एक ही वजह दिखायी देती है क्योंकि वह चाहती है कि उनकी जगह पर जो नया व्यक्ति लाया जाना है उसे समय मिलना चाहिए क्योंकि राज्य में वाइब्रेंट गुजरात जैसा महत्वपूर्ण कार्यक्रम जनवरी में है। अगले साल राज्य में चुनाव भी होने हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: