नयी दिल्ली 30, अगस्त रियो ओलंपिक में अपने खराब प्रदर्शन से निराश करने वाले पहलवान योगेश्वर दत्त भले ही देश को पदक नहीं दिला सके लेकिन चार वर्ष पहले लंदन खेलों 2012 में दूसरे स्थान पर रहे रूसी एथलीट के डोप में पॉजिटिव पाये जाने के बाद कांसा जीतने वाले योगेश्वर को इन खेलों का रजत पदक मिलना पक्का हो गया है।
योगेश्वर ने लंदन ओलंपिक 2012 में 60 किग्रा वजन वर्ग में कांस्य पदक जीता था जबकि दूसरे स्थान पर रहे रूस के स्वर्गीय बेसिक कुडुखोव को रजत पदक मिला था। वर्ष 2013 में एक कार दुर्घटना में बेसिक का निधन हो गया था। लेकिन दो बार के ओलंपिक पदक विजेता बेसिक के नमूने को डोप में पॉजिटिव पाये जाने के बाद उनका पदक वापिस लिया जाएगा जिससे तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य जीतने वाले योगेश्वर को रजत और चौथे स्थान पर रहने वाले पहलवान को कांस्य मिलेगा।
हालांकि इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन रूसी एजेंसी ने इस बात की पुष्टि की है कि बेसिक के नमूने को अंतरराष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी(वाडा) ने डोप में पॉजिटिव पाया है। भारतीय पहलवान योगेश्वर ने लंदन में चार वर्ष पहले 60 किग्रा वर्ग में कांस्य जीता था। योगेश्वर के रजत मिलने के बाद वह लंदन ओलंपिक 2012 में ही रजत जीतने वाले सुशील कुमार की बराबरी कर लेंगे। योगेश्वर ने भी लंदन ओलंपिक का रजत पदक मिलने की खबर पर खुशी जताई है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा“ मुझे सुबह ही पता चला है कि मेरे ओलंपिक कांस्य अपग्रेड होकर रजत हो गया है। मेरा यह पदक भी देशवासियों को समर्पित है।”
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें