- मोदी ने मजदूर व किसानों की तोड़ दी कमर, इस्तीफा दें प्रधानमंत्री.
- बेउर मोड़ पर आज नोटबंदी पर हुई चर्चा. कल कंकड़बाग टेंपो स्टैंड में लगायी जाएगी जनअदालत.
पटना 30 दिसबंर 2016, नोटबंदी के 50 वें दिन भाकपा-माले और खेग्रामस ने पूरे राज्य में जनअदालत लगाने का फैसला किया है. माले राज्य सचिव कुणाल ने कहा है कि पिछला 50 दिन आम लोगों के लिए बेहद कष्टदायक साबित हुए हैं. मोदी ने मजदूर-किसान व मेहनतकश वर्ग की कमर तोड़ दी है. खेती में 50 प्रतिशत की गिरावट है. उलटा पलायन आरंभ हो गया है, मजदूरों को मजदूरी नहीं मिल रही है और देश की गरीब जनता त्राहिमाम कर रही है. प्रधानमंत्री ने कहा था कि यदि 50 दिन में स्थिति संभलती नहीं, तो देश की जनता जैसा उचित समझे, उन्हें सजा दे सकती है. देश आज काफी पीछे चला गया है. इसलिए मोदी को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए. उन्होंने कहा कि दरअसल, नोटबंदी के जरिए मोदी सरकार गरीबों के पेट पर हमला कर रही है. इसलिए नोटबंदी के 50 वें दिन हमने जनअदालत लगाने का फैसला किया है. जनता की अदालत में मोदी को जवाब देना होगा. उन्होंने कहा कि भाजपा व मोदी को हटाकर ही अब देश के गरीबों की रोटी बच सकती है.
पटना नगर सचिव अभ्युदय ने कहा कि राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत पटना में 30 दिसंबर को स्थानीय कंकड़बाग में जनअदालत का आयोजन किया जाएगा. वहीं, आइसा पटना विश्वविद्यालय गेट पर जनअदालत लगाएगी. माले नेता अशोक कुमार, सुधीर कुमार, संतोष पासवान आदि नेताओं ने रामकृष्णानगर, पोस्टल पार्क, जगनपुरा आदि क्षेत्रों में आॅटो प्रचार करके आम लोगों से कल कंकड़बाग टेंपो स्टैंड में आने की अपील की. वक्ताओं ने कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित किया. वहीं, कोरस की टीम ने चांदमारी रोड में नोटबंदी पर आधारित ‘अंधेर नगर रिटर्न’ नुक्कड़ नाटक का मंचन किया.
बेउर में नोटबंदी पर आयेाजित परिचर्चा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले पोलित ब्यूरो सदस्य काॅ. धीरेन्द्र झा ने कहा कि सैकड़ों मजदूरों-गरीबों ने एक स्वर में नोटबंदी को गरीबों के पेट पर लात मारने वाला कदम बताया है और इसलिए हम मांग कर रहे हैं कि सभी गरीबों के खाते में 1 लाख रूपये तत्काल डाले, किसानो का कर्ज माफ करे और बैंक लोन में गरीबों मजदूरों की हिस्सेदारी बढ़ाये. उन्होंने कहा कि कालाधन बेनामी संपत्ति जब्त करने के लिए कानून बने. सभा को पार्टी की केंद्रीय कमिटी सदस्य काॅ. शशि यादव, पार्टी नेता मुर्तजा अली, रवि कुमार प्रजापति, आकाश कश्यप आदि ने भी संबोधित किया.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें