फरीदाबाद. 31 जनवरी, 31वां सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला एक फरवरी से हरियाणा में यहां शुरू होगा जिसका उद्घाटन राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करेंगे। इस मौके पर केंन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुज्जर, भारत में मिस्र के राजदूत हातेम तगेल्डिन , राज्य के पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा, झारखंड के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्री अमर कुमार बौरी, हरियाणा के उद्योग मंत्री विपुल गोयल, पर्यटन विभाग की मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा, हरियाणा पर्यटन निगम के अध्यक्ष जगदीश चोपड़ा, बल्लभगढ़ के विधायक मूल चंद शर्मा तथा अनेक अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेेंगे। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के सचिव तथा सूरजकुंड मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद जुत्शी ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मेला की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के मेलों के आयोजन से देश की कला एवं शिल्प परम्पराओं की विरासत को पुनर्जीवित करने में मदद की है।
इस मौके पर हरियाणा पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा सूरजकुंड मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष वी.एस.कुंडू. हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक तथा सूरजकुंड मेला प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक समीर पाल सरो भी उपस्थित थे। मेले का इस बार थीम राज्य झारखंड और भागीदार देश मिस्र है। मेेले में श्रीलंका, नेपाल, अफगानिस्तान, थाईलैंड, किर्गिस्तान, लेबनॉन और ट्यूनीशिया देशों के शिल्पकार भी भाग ले रहे हैं। मेले के लिये पूरी परिवहन सम्पर्क, वाई-फाई सुविधा, हरियाणा के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों और कॉलेजों की छात्राओं को कार्य दिवसों के दौरान निशुल्क प्रवेश तथा दिव्यांगों , वरिष्ठ नागरिकों , सेवारत सैनिकों तथा युद्ध विधवाओं और उनके आश्रितों को प्रवेश टिकट पर 50 प्रतिशत की छूट, कॉलेज के वैध पहचान पत्र विद्यार्थियों को कार्य दिवसों में प्रवेश टिकटों पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मेले में सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने के लिए नाइट विज़न कैमरों के साथ लगभग 200 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किये गये हैं। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात किये गये हैं जिनमें महिला गार्ड भी शामिल हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें