भिण्ड, 5 फरवरी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा है कि चंबल संभाग के भिण्ड, मुरैना और श्योपुर वासियों के विकास के लिये सरकार ने चंबल एक्सप्रेसवे बनाने का निर्णय लिया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौहान ने आज जिले के गोहद विकास खण्ड के गिरगांव में ओला प्रभावित किसानों की सभा को संबोधित करते हुये कहा कि यह चंबल एक्सप्रेसवे मध्यप्रदेश को उत्तरप्रदेश और राजस्थान को जोडेगा। इस एक्सप्रेसवे के बन जाने से संपूर्ण चंबल क्षेत्र विकास की मुख्य धारा में जुड सकेगा। यातायात के विकसित हो जाने से चंबल के बीहडो में नए उद्योग, डेयरी विकास और कृषि के नए आयाम जुड सकेंगे तथा अन्य विकास आसानी से किये जा सकेंगे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ओला और बगैर मौसम बारिश से किसानों की फसले तबाह हुई है, लेकिन हम उनकी जिंदगी तबाह नहीं होने देंगे। संकट की इस घडी में सरकार पूरी ताकत के साथ किसानों के साथ खडी हुई है। फसलो की क्षति का तत्परता से आंकलन कराया जा रहा है और किसानों को शीघ्र ही राहत मुहैया भी कराई जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को हिदायत देते हुए कहा कि पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ फसलो का सर्वेक्षण कराया जाए। क्षति के आंकलन के बाद प्रभावित किसानों की सूची ग्राम पंचायत पर चस्पा की जाएगी। ताकि किसान अपनी क्षति नुकसान को देख सकें। अगर किसानों को कोई आपत्ति हो तो वे पुनः अपने खेत का सर्वे भी करा सकते है। उन्होंने कहा कि भिण्ड जिले के 73 गांव ओला से प्रभावित हुए है। इनका सर्वे शत प्रतिशत होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फसलें मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी की भी प्रभावित हुई है। इन क्षेत्रों में भी सर्वे कराकर किसानों को पूरी राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अपनी फसल का बीमा कराया है। उन्हें 25 प्रतिशत राशि प्राथमिक आंकलन के बाद दिलाई जाएगी, बाद में पूरा भुगतान कराया जाएगा, सरकार इसकी खुद माॅनीटरिंग करेंगी। जिन किसानों ने फसल का बीमा नहीं कराया है। उनकी भरपाई सरकार खुद कराएगी। श्री चौहान ने यह भी कहा कि जिन किसानों की फसलो का नुकसान 50 प्रतिशत से ज्यादा हुआ है, उनकी बेटियों के विवाह के लिए सरकार 25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता मुहैया कराएगी। साथ ही ओला प्रभावित किसानों की कर्ज बसूली स्थगित की जाएगी, कर्ज का ब्याज सरकार भरेगी। किसानों की बोई जाने वाली आगामी फसलो के लिए जीरो प्रतिशत पर खाद बीज की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि भिण्ड कलेक्टर कर्तव्यनिष्ठ होकर काम कर रहे है। फिर भी अगर सर्वे में लापरवाही हुई तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। श्री चौहान ने गिरगांव में हाई स्कूल खोलने और गिरगांव से कतरोल होते हुए दंदरौआ तक सडक मार्ग बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भिण्ड-अटेर के अलावा मिहोना, कनावर, दबोह के क्षेत्र में पहले से ही राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जा चुके है। चंबल क्षेत्र के अटेर में चंबल नदी पर पुल भी बनाया जा रहा है। किसान सभा को संबोधित करते हुये पूर्व नर्मदा घाटी विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लालसिंह आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा से ही किसानों के दुखदर्द में शामिल रहे है। उन्होंने कहा कि गोहद क्षेत्र में ओला से प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे खेत-खेत पर जाकर किया जा रहा है। इस सर्वे के बाद किसानों को राहत राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें