मुगल गार्डन में ‘प्रणव’ और ‘शुभ्रा’ के होंगे दीदार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 4 फ़रवरी 2017

मुगल गार्डन में ‘प्रणव’ और ‘शुभ्रा’ के होंगे दीदार

नयी दिल्ली 03 फरवरी, राष्ट्रपति भवन स्थित ऐतिहासिक मुगल गार्डन में दर्शक ‘प्रेसिडेंट प्रणव’ और ‘शुभ्रा मुखर्जी’ का दीदार कर पायेंगे। जी हां, चौंक गये न। मुगल गार्डन में दर्शकों को गुलाब की दो नयी किस्में देखने को मिलेंगी उनके नाम हैं- ‘प्रेसिडेंट प्रणव’ और ‘शुभ्रा मुखर्जी।’ राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी कल उद्यानोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद पांच फरवरी से 12 मार्च तक मुगल गार्डन दर्शकों के लिए खुला रहेगा। श्री मुखर्जी और उनकी दिवंगत पत्नी शुभ्रा मुखर्जी के सम्मान में गुलाब की ये दोनों किस्में विकसित की गयी हैं पश्चिम बंगाल के जकपुर स्थित पुष्पांजलि रोज नर्सरी की प्रणबीर कुमार मैती और अशोक कुमार मैती ने। इंडियन रोज फेडरेशन ने दोनों किस्मों को मान्यता प्रदान की है और जनवरी 2017 में इसे प्रमाण पत्र जारी किया है। फूलों की क्यारियों में सात विभिन्न रंगों में करीब 14 हजार ट्यूलिप दर्शकों को आकर्षित करते नजर आयेंगे। दर्जनों क्यारियों में विभिन्न प्रकार की गुलाब की किस्में दर्शकों को रोमांचित करेंगी। मुगल गार्डन पांच फरवरी से आम आदमी के लिए खुल जाएगा। इस उद्यानोत्सव में आम आदमी सोमवार को छोड़कर सप्ताह के अन्य छह दिनों सुबह साढ़े नौ बजे से अपराह्न चार बजे तक मुगल गार्डन के अलावा स्प्रिचुअल गार्डन, हर्बल गार्डन, बोनसाई गार्डन और म्यूजिकल गार्डन का भी लुत्फ उठा सकेंगे। मुगल गार्डन में दर्शकों का प्रवेश नॉर्थ एवेन्यू की ओर से राष्ट्रपति सम्पदा के गेट नं. 35 से होगा। दर्शकों को अपने साथ खाने-पीने की सामग्री, पानी की बोतलें, ब्रीफकेस, हैंडबैग्स, लेडीज पर्स, छाता, ट्रांजिस्टर और कैमरा आदि न लाने की सलाह दी गयी है। दस मार्च को यह गार्डन खास तौर पर किसानों, दिव्यांगजनों, रक्षा/अर्द्धसैनिक बलों तथा दिल्ली पुलिस के जवानों के लिए खुला रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं: