मैनपुरी, 16 फरवरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सूबे में सपा-कांग्रेस गठबन्धन की सरकार बनने का दावा करते हुए प्रधानमंत्री का नाम लिये बगैर कटाक्ष किया है कि “ बहुत सुन ली मन की बात, कब करोगे काम की बात।” मुख्यमंत्री ने आज यहां करहल विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि साम्प्रदायिक ताकतों को रोकने और सूबे में सरकार बनाने के लिए सपा ने कांग्रेस से गठबन्धन कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दुविधा दूर कर दी। साइकिल तो तेज चलती ही है उसके हैंडल पर हाथ का पंजा लग जाये तो उसकी रफ्तार और तेज हो जाती है। उन्होंने कहा कि उनपर आरोप लगा कि कांग्रेस को अधिक सीट दे दी। शायद वह लोग यह नहीं जानते कि सपा का दिल बडा है। अपने दोस्त काे अधिक सीट देकर उसका स्वागत किया है। किसी कंजूस से दोस्ती कोई करके देखे। उन्होंने कहा कि सूबे में अच्छे दिन नहीं लाने का आरोप समाजवादियों पर लगता रहा लेकिन भाजपा ने कौन सा अच्छा दिन ला दिया। “ मन की बात तो बहुत कर ली अब कुछ काम की बात करें। उन्होंने अच्छे दिन का लुभावना वायदा कर लोगों को लाइन में खडा कर दिया, क्या यही अच्छे दिन हैं। शायद वह भूल गये कि अच्छे दिन का नारा भाजपा का था। सपा के कार्य और वायदों पर सूबे की जनता को विश्वास है।
समाजवादी जो कहते है उसे करते हैं। सपा ने सूबे में बिना किसी भेदभाव के काम किया है। वह अपना वादा निभाना जानती है। भाजपा ने सूबे में कोई काम किया हो तो बतायें, मध्यप्रदेश हो या महाराष्ट्र में कोई काम किया हो तो बतायें। वहां तो भाजपा की सरकारें हैं । किसानों की भलाई के लिए बाबा रामदेव को 400 एकड जमीन दी है।
श्री यादव ने केन्द्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान कहा था कि अच्छे दिन आयेंगे। क्या लोगों को अपने ही पैसों को लेने के लिए लाइन में सारे दिन खडे रहना ही अच्छे दिन हैं। भाजपा सरकार अपने वायदों पर खरी नहीं उतरी। नोटबन्दी के बहाने उसने सभी को लाइन में लगा दिया। गरीबों को 15 लाख रूपये देने के नाम पर बैंक खाते खुलवा लिये। सारा पैसा जमा करा लिया गया।
पहले और दूसरे चरण के मतदान में समाजवादी पार्टी(सपा) के आगे रहने की बात कहते हुए श्री यादव ने लोगों से तीसरे चरण के मतदान में साइकिल की रफ्तार को और तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइकिल की रफ्तार को न तो कमल छू सकता और न ही हाथी अगल बगल आ सकती है।
उन्होंने कहा कि रूपया काला धन नहीं होता बल्कि लेन देन काला होता है। अब मोदी जी यह बतायें कि बैंक में कितना धन जमा कराया गया। हिसाब क्यों नहीं दे रहे हैं।
श्री यादव ने कहा कि सपा नेता जी (मुलायम सिंह यादव) की पार्टी है और वह उनके संरक्षण में हैं। मैनपुरी के लोग हमारे अपने परिवार के हैं। सपा के सरकार में आने के बाद पुलिस की भर्ती में परीक्षा नहीं देनी होगी बल्कि उसके लिए 10वीं और 12वीं के नम्बर लेकर आयें और पांच किलोमीटर की दौड लेने के साथ नौकरी पक्की। गरीब परिवारों को विकलांग, विधवा समाजवादी पेंशन एक हजार रूपया करेंगे। पार्टी को आगे बढाना आप लोगों के हाथ में है। सूबे में सरकार बनाने के लिए सपा को बडे अन्तर से विजयी बनायें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें