पटना 05 फरवरी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि शराबबंदी को कड़ाई से लागू करने में किसी भी हाल में लापरवाही बर्दास्त नहीं की जायेगी और दोषियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई की जायेगी जो आगे सभी के लिये सबक होगा । श्री कुमार ने यहां के पालीगंज में अपनी ..निश्चय यात्रा .. के दौरान सभा को संबोधित करते हुए कहा कि शराबबंदी को कड़ाई से लागू करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दास्त नहीं की जायेगी । राज्य में शराबबंदी को मजबूती के साथ लागू किया जा रहा है और इसमें ढिलाई बरतने के आरोप में दो दिन पूर्व ही पटना के बेउर थाना के सभी पुलिसकर्मियों को लाईन हाजिर कर दिया गया । उन्होंने कहा कि लाईन हाजिर किये गये सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच की कार्रवाई की जा रही है । मुख्यमंत्री ने कहा कि लाईन हाजिर किये गये पुलिसकर्मी यदि जांच में दोषी पाये जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी , जो आगे किसी के लिये भी एक सबक साबित होगा । अवैध रूप से इस धंधे में शामिल लोगों की गिरफ्तारियां भी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से शराब के धंधे में शामिल लोग लगातार पकड़े जा रहे हैं ।
श्री कुमार ने कहा कि इस कार्य में सभी लोगों का सहयोग मिलना जरूरी है । राज्य में शराबबंदी एक बहुत ही अच्छा काम हुआ है और अब प्रदेश शराबबंदी से नशामुक्ति की ओर बढ़ चला है । उन्होंने कहा कि शराबबंदी के प्रति लोगों में जागरूकता आये इसके लिये 21 जनवरी को बिहार में मानव श्रृंखला बनाया गया था जिसमें 11 हजार किलोमीटर में दो करोड़ लोगों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन इसके बदले चार करोड़ लोग हाथ से हाथ मिलाकर खड़े रहे । मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की जनसंख्या अभी 12 करोड़ से कम है और उसमें से चार करोड़ लोग मानव श्रृंखला में शामिल हुए इससे यह स्पष्ट होता है कि एक तिहायी लोगों ने अपनी एकजुटता दिखायी है । इससे बड़ा साम्प्रदायिक सद्भाव का प्रतीक कुछ नहीं हो सकता । उन्होंने कहा कि चीन जब अफीम से मुक्त हुआ तो बहुत आगे निकल गया और इसी तरह देश में शराबबंदी एवं नशामुक्ति के बाद भारत भी चीन से आगे निकल जायेगा । श्री कुमार ने कहा कि पिछले दिनों पटना में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शरबबंदी अभियान की सराहना की थी । प्रधानमंत्री को शराबबंदी देश में लागू करानी चाहिए और यदि इसमें उन्हें कोई कठिनाई है तो कम से कम भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) शासित प्रदेशों में लागू करा दें जिससे कि लोगों के बीच एक संदेश जायेगा । जब समाज नशा से मुक्त होगा तो राज्य एवं देश तेजी से प्रगिति के मार्ग पर आगे बढ सकेंगा । इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार ने पालीगंज प्रखंड के नरौली गांव में सरकार की ओर से चलायी जा रही सात निश्चय योजनाओं का निरीक्षण किया । इसके बाद आदर्श ग्राम नरौली में हर घर नल का जल एवं घर तक पक्की गली - नाली योजना का उद्घाटन किया । साथ ही जैविक खेती प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत वर्मी कम्पोस्ट केन्द्र का निरीक्षण किया ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें