देश भर उत्साह से 70वां गणतंत्र दिवस मनाया गया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 26 जनवरी 2019

देश भर उत्साह से 70वां गणतंत्र दिवस मनाया गया

70th-republic-day-celebrated-throughout-the-country
नयी दिल्ली 26 जनवरी, राजधानी दिल्ली सहित देशभर में 70वां गणतंत्र दिवस बहुत धूमधाम से मनाया गया और यहां राजपथ पर विराट सैन्य शक्ति, ऐतिहासिक सांस्कृतिक धरोहर और अनेकता में एकता की गौरवशाली परंपरा की भव्य झलक दिखायी दी जिसमें पहली बार आजाद हिन्द फौज (आईएनए) के पूर्व सैनिकों ने भी हिस्सा लिया। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा इस बार गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि थे और प्रवासी भारतीय दिवस में हिस्सा लेने आये भारतवंशी नेताओं को भी इसके लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। समूची राजधानी में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किये गये थे और परेड स्थल, आस-पास की इमारतों की छतों पर शार्प शूटर तथा उनसे लगते क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये थे।  इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने इंडिया गेट स्थित अमर जवान ज्योति जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद प्रधानमंत्री ने सलामी मंच के निकट राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और समारोह के मुख्य अतिथि श्री रामाफोसा की अगवानी की।  राष्ट्रपति ने सलामी मंच पर ध्वाजारोहण किया जिसके बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गयी और सेना के एम आई-17 हेलिकाॅप्टरों ने राजपथ पर पुष्प वर्षा की जिससे दर्शकों के हर्ष का ठिकाना नहीं रहा। राष्ट्रपति ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए सेना के लांस नायक नजीर अहमद वानी की पत्नी श्रीमती महजबीं को शांतिकाल का सर्वोच्च सम्मान अशोक चक्र प्रदान किया। इस दौरान राजपथ पर माहौल भावुक हो गया।  थल सेना के दिल्ली मुख्यालय क्षेत्र के जनरल आफिसर कमांडिंग लेफि्टनेंट जनरल तथा परेड कमांडर असित मिस्त्री और उनके बाद दिल्ली मुख्यालय क्षेत्र के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल तथा परेड के सेकेंड इन कमान राजपाल पूनिया ने राष्ट्रपति को सलामी दी। इसके बाद सेना के तीन परमवीर चक्र विजेता और पांच अशोक चक्र विजेता भी जीप में सवार होकर सलामी मंच के सामने से गुजरे। आजादी के बाद पहली बार आजाद हिन्द फौज के चार भूतपूर्व सैनिक भी परेड की शान बढाते नजर आये। इन पूर्व सैनिकों के नाम चंडीगढ के लालतीराम (98), गुरूग्राम के परमानंद (99), हीरा सिंह (97) और भागमल (95) हैं। समारोह में नारी शक्ति के नेतृत्व में सशस्त्र सेनाओं के मार्चिंग दस्तों, बैंडों, स्कूली बच्चों के लोक नृत्य और अन्य कार्यक्रमों ने राजपथ पर माहौल को देश के सतरंगी रंगों से सरोबार कर दिया। इस बार नारी शक्ति की मौजूदगी पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक दिखाई दी। तीनों सेनाओं के मार्चिंग दस्ते की कमान महिला अधिकारियों के हाथ में थी और असम रायफल्स की ओर से तो पूरे दस्ते में महिला सैनिक ही कदमताल कर रही थीं। इसके अलावा सेना की एक महिला अधिकारी ने मोटरसाइकिल पर करतबबाजी कर रहे दस्ते का नेतृत्व किया। उनके करतबों ने दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने के लिए मजबूर कर दिया।

कोई टिप्पणी नहीं: