सीनेट महाभियोग सुनवाई में ट्रम्प पर लगे सभी आरोप खारिज - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 6 फ़रवरी 2020

सीनेट महाभियोग सुनवाई में ट्रम्प पर लगे सभी आरोप खारिज

Impeachment-on-trump-rejected
वाशिंगटन 06 फरवरी (स्पूतनिक) अमेरिकी सीनेट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को महाभियोग की सुनवाई के दौरान सभी आरोपों से मुक्त कर दिया है। सीनेट ने बुधवार को अपनी सुनवाई में श्री ट्रम्प को कांग्रेस की कार्रवाई में बाधा पहुंचाने का दोषी नहीं पाया है। सीनेट ने इस ऐतिहासिक मतदान में अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति श्री ट्रम्प को पद से नहीं हटाने का निर्णय लिया है। रिपब्लिकन पार्टी के बहुमत वाली सीनेट ने श्री ट्रम्प पर लगे सत्ता के दुरुपयोग के आरोप को 52-48 के अंतर से खारिज कर दिया जबकि उन पर कांग्रेस के कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप को उच्च सदन ने 53-47 से खारिज कर दिया। डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने श्री ट्रम्प पर आरोप लगाया था कि वह आगामी राष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर अपने प्रतिद्वंदी उम्मीदवार को बदनाम करने के लिए यूक्रेन पर दबाव बना रहे हैं। श्री ट्रम्प पर यूक्रेन के साथ संबंधों में अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करने के आरोप लगे थे। यदि श्री ट्रम्प पर यह आरोप सिद्ध हो जाते तो उन्हें उपराष्ट्रपति माइक पेंस को अपना कार्यभार सौंपना पड़ता। श्री ट्रम्प ने अपने ऊपर लगे इन आरोपों को हमेशा से नकारा है। गौरतलब है कि डेमोक्रेटिक पार्टी के नेतृत्व वाले कांग्रेस के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (प्रतिनिधि सभा) ने 18 दिसंबर को श्री ट्रम्प के खिलाफ महाभियोग की कार्रवाई को मंजूरी प्रदान की थी। अमेरिकी सीनेट सदस्य पैट्रिक लीह ने श्री ट्रम्प के दोष मुक्त होने को अमेरिकी लोकतंत्र के लिए काला दिन करार दिया है। रिपब्लिकन पार्टी के सभी सीनेट सदस्यों ने श्री ट्रम्प को दाेनों आरोपों से मुक्त कराने के लिए मतदान किया जबकि मिट रोमनी ने एक आरोप में श्री ट्रम्प के खिलाफ मतदान किया।  

कोई टिप्पणी नहीं: