नयी दिल्ली, 24 फरवरी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी और राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली में हुई हिंसा की निंदा की। उन्होंने लोगों से उत्तेजना के बजाय संयम, करुणा और समझदारी दिखाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया जाना एक स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान है लेकिन हिंसा को कभी भी न्यायोचित नहीं ठहराया जा सकता है। गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली में आज हुई हिंसा परेशान करने वाली है और इसकी निंदा की जानी चाहिए। शांतिपूर्ण प्रदर्शन एक स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान है, लेकिन हिंसा को कभी भी उचित नहीं ठहराया जा सकता। मैं दिल्ली के नागरिकों से उत्तेजना के बजाय संयम, करुणा और समझदारी दिखाने का अनुरोध करता हूं।’’ वहीँ सोनिया गांधी ने दिल्ली के लोगों से साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखने और धर्म के आधार पर देश को बांटने की ‘‘बुरी मंशा’’ रखने वाली ताकतों को हराने की सोमवार को अपील की।
दिल्ली के जाफराबाद और मौजपुर में सोमवार को संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) का समर्थन करने वाले और विरोध करने वाले समूहों के बीच संघर्ष हो गया और प्रदर्शनकारियों ने कई घरों, दुकानों तथा वाहनों में आग लगा दी और एक-दूसरे पर पथराव किया। हिंसा में दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल मारा गया और एक पुलिस उपायुक्त घायल हो गया। राजधानी के चांदबाग और भजनपुरा में भी संघर्ष होने की खबरें है। दिल्ली में संघर्ष का यह दूसरा दिन है जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार की शाम पहुंचे है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें