- शिव महापुराण कथा मनोरंजन के लिए नहीं मनोमंथन के लिए : पंडित राघव मिश्रा
कथा को मनोरंजन के रूप में नहीं लेना चाहिए
पंडित श्री मिश्रा ने कहा कि कई जन्मों के पुण्य संचित होते हैं तब जाकर भक्ति ज्ञान वैराग्य की त्रिवेणी में गोता लगाने का अवसर प्राप्त होता है। कथा को मनोरंजन के रूप में नहीं लेना चाहिए, कथा मनोरंजन के लिए नहीं बल्कि मनोमंथन के लिए होता है। कथा सुनकर जाते समय इस बात का मंथन अवश्य करना चाहिए कि कथा की कौन सी बातें हमारे जीवन के लिए अनुकरणीय है, बीच-बीच में भगवान भोलेनाथ के भजनों को सुनाकर स्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने कहा कि कथा सत्संग भाग्य से ही मिलता है। मंदिर में भगवान के दर्शन करने से बड़ी बात भक्ति में रम जाने की है। शब्द ब्रह्म शक्ति है। तन की जल से, मन की धन से और आत्मा की शुद्धि सत्संग से होती है।
शिव महापुराण में पशुपति प्रसंग का किया वर्णन
पंडित राघव मिश्रा ने कहा कि बहुत से भक्त यह सोंचते है कि यदि सम्पूर्ण पूजा सामग्री एकत्रित नही हो पाती है तो पशुपतिनाथ का व्रत अधूरा रह जायेगा और भगवान शिव हम से प्रसन्न नहीं होंगे, लेकिन भोलेनाथ के भक्तों को यह चिंता अपने मन से निकाल देनी है। जिस प्रकार से एक पिता अपने पुत्र की चिंता करता है उसी प्रकार से भगवान शिव अपने भक्तों की चिंता रखते हैं, उन्हें प्रसन्न करने के लिए भक्तों को बहुत कठिन परिश्रम नहीं करना है अगर एक लोटा जल भी हमने भोलेनाथ को प्रेम से अर्पित किया है तो वह ही बहुत है। इसलिए जितनी भी पूजा सामग्री आप एकत्रित कर सकते है उसी पूजा सामग्री से पशुपतिनाथ जी की पूजा कर सकते है।
कथा के अंत में बताया 12 ज्योतिर्लिंग का महत्व
पंडित श्री मिश्रा ने शनिवार को कथा के पांचवे दिवस कहा कि सौभाग्यशाली होते हैं वैसे लोग जो अपने जीवनकाल में इन 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर पाते हैं। पुराणों के अनुसार शिवजी जहां-जहां स्वयं प्रकट हुए थे, उन बारह स्थानों पर स्थित शिवलिंगों को ज्योतिर्लिंग के रूप में पूजा जाता है। ऐसी भी मान्यता है कि जो व्यक्ति प्रतिदिन प्रात:काल और संध्याकाल के समय इन बारह ज्योतिर्लिंगों का नाम लेते हैं, उनके पिछले सात जन्मों के पाप इन लिंगों के स्मरण मात्र से धुल जाते हैं। मानव का जीवन भगवान की भक्ति के लिए हुआ है और इस कलियुग में भक्ति से बड़ा कुछ नहीं है। कर्म के साथ भगवान की भक्ति करें। विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि शिव महापुराण के अंत में भागवत भूषण पंडित प्रदीप मिश्रा सहित अन्य ने व्यास पीठ की पूजा अर्चना की। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए कथा में पिछले पांच दिनों में सीहोर विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित अन्य प्रतिनिधियों ने धाम पर पहुंचकर कथा का श्रवण किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें