- बिहार के ज्ञानेंद्र को आयुष्मान भारत से मिला नया जीवन, प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा पत्र, कहा- ‘आपका स्वास्थ्य, हमारा संकल्प’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के पटना निवासी ज्ञानेंद्र कुमार गुप्ता को पत्र लिखकर उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी की देश के नागरिकों के प्रति कल्याण की सोच कितनी संवेदनशील है, यह उनके पत्र में भी स्पष्ट है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा, “आपके स्वास्थ्य में सुधार के बारे में जानकर बहुत प्रसन्नता हुई है… आपने पत्र में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से बीते दिनों किडनी के सफल उपचार की जो जानकारी साझा की है, उससे हृदय को असीम संतुष्टि मिली है।” ज्ञानेंद्र ने अपने पत्र में लिखा है, “आपके (पीएम मोदी) हिम्मत और व्यक्तित्व से देश की जनता को राहत और रास्ता मिलता रहेगा।” इसके जवाब में प्रधानमंत्री मोदी भी अपनी भावना को शब्दों में पिरोने से नहीं रोक पाए। उन्होंने लिखा, “हमने चिकित्सा पर होने वाले खर्च से परिवारों की जीवन भर की जमा-पूंजी एक झटके में खत्म होते देखा है। कई बार तो लोग इस खर्च के कारण इलाज करवाने से भी कतराते थे। आज आयुष्मान भारत योजना यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी भारतीय इलाज से वंचित न रहे। समुचित उपचार मिलने पर किस तरह एक व्यक्ति के जीवन को नई उम्मीद और दिशा मिलती है, यह इस योजना ने सिद्ध कर दिखाया है।” पीएम मोदी ने आगे यह भी लिखा कि एक विकसित भारत के लिए स्वस्थ भारत कितना जरूरी है। एक स्वस्थ व्यक्ति न केवल अपने परिवार को संबल देता है, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। इसलिए प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में ज्ञानेंद्र को लिखा, “कहा गया है- ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्।’ अर्थात् शरीर ही सभी कार्यों और कर्तव्यों की पूर्ति का प्रथम साधन है। जब नागरिक स्वस्थ होंगे, तभी राष्ट्र भी सबल और सक्षम बनेगा।” प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर पर आम नागरिकों तक पहुंच रही हैं और उनके जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला रही हैं, यह अत्यंत सुखद है। उन्होंने कहा, “इलाज के बाद आप जैसे सभी साथियों को अपने जीवन में फिर से उसी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते देखना हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है।” पत्र के अंत में प्रधानमंत्री ने ज्ञानेंद्र के अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नि:संदेह, आयुष्मान भारत योजना, विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक स्वास्थ्य क्रांति है। दरअसल, अध्ययन बताते हैं कि बेहतर स्वास्थ्य सेवा से जीवन प्रत्याशा में एक साल की भी बढ़ोतरी मात्र से जीडीपी में 4 प्रतिशत तक की वृद्धि होती है। ऐसे में आयुष्मान भारत योजना, विविधता से भरे बड़ी आबादी वाले देश के लिए कितना महत्वपूर्ण है, उसे सहजता से समझा जा सकता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें