- राइज ऑफ अ लीजेंड’, लॉस एंजिलिस के प्रतिष्ठित एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स में होगा वर्ल्ड प्रीमियर
भारतीय संस्कृति के इसी गौरव को वैश्विक मंच पर पहुंचाते हुए, नमित मल्होत्रा की ‘रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड’ अब हॉलीवुड में इतिहास रचने के लिए तैयार है। फिल्म के निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि इसका भव्य वर्ल्ड प्रीमियर 27 अक्टूबर को लॉस एंजिलिस में शाम के समय प्रतिष्ठित एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स में आयोजित किया जाएगा। दुनियाभर में सिनेमा के इतिहास और फिल्म निर्माण की उत्कृष्टता के लिए मशहूर यह म्यूजियम, विश्व सिनेमा की कला, तकनीक और कलाकारों को समर्पित एक प्रमुख संस्थान है। बीते वर्षों में यहां कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम और ऑस्कर से जुड़े समारोह भी आयोजित किए गए हैं। ऐसे ऐतिहासिक स्थान पर ‘रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड’ का वर्ल्ड प्रीमियर होना भारतीय मनोरंजन जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह सिर्फ फिल्म की स्क्रीनिंग नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सिनेमा के लिए गर्व का पल भी है। लॉस एंजिलिस में भारतीय सिनेमा का जादू और दिवाली की रौनक एक साथ देखने को मिलेगी। भारतीय परंपरा और विरासत को सम्मान देने के लिए रेड कार्पेट पर भी भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। निर्माताओं ने मेहमानों से पारंपरिक भारतीय उत्सव वाले कपड़े पहनकर आने का अनुरोध किया है, ताकि दिवाली के रंग और रौनक हॉलीवुड तक पहुंच सकें। इस खास प्रीमियर में 945 मेहमान शामिल होंगे। इनमें हॉलीवुड की प्रमुख हस्तियां, फिल्म निर्माता, अंतरराष्ट्रीय मीडिया के प्रतिनिधि और फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम शामिल होंगे। इस तरह यह कार्यक्रम विश्व सिनेमा की एक यादगार शाम बनने जा रहा है।
फिल्म के प्रीमियर को और खास बनाने के लिए इसकी स्क्रीनिंग 3डी में की जाएगी। इससे फिल्म के दृश्य, गहराई और भव्यता का अनुभव पहले से कहीं ज्यादा शानदार होगा। 3डी तकनीक दर्शकों को फिल्म की दुनिया के करीब ले जाएगी, जिससे हर दृश्य, हर नजारा और हर भावना अधिक जीवंत महसूस होगी। लॉस एंजिलिस में प्रीमियर में शामिल होने वाले लगभग सभी मेहमान फिल्म को 3डी में देखने का विकल्प चुन रहे हैं, ताकि बड़े पर्दे पर इसका पूरा अनुभव ले सकें। फिल्म की कहानी और इसके भव्य दृश्यों को बेहतर तरीके से दिखाने में 3डी तकनीक की अहम भूमिका को देखते हुए, निर्माता भारत और दुनियाभर के दर्शकों को भी 3डी में फिल्म देखने की सलाह दे रहे हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग दुनियाभर में 20 अक्टूबर से शुरू होगी। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने आठ बार ऑस्कर जीत चुकी कंपनी डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर किया है। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा। भारत में यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी। फिल्म आईमैक्स में भी दिखाई जाएगी। भारत को छोड़कर दुनियाभर में इसका वितरण सोनी पिक्चर्स करेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में धर्मा प्रोडक्शंस फिल्म को वितरित करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें