दिल्ली : ‘अपराधियों द्वारा संचालित’ पार्टी है भाजपा : कांग्रेस - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

दिल्ली : ‘अपराधियों द्वारा संचालित’ पार्टी है भाजपा : कांग्रेस

congress-attack-bjp
नई दिल्ली । कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत द्वारा मानहानि मामले में राहुल गांधी को बरी किए जाने के बाद सोमवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि यह पार्टी ‘‘अपराधियों द्वारा संचालित’’ है। मुख्य विपक्षी पार्टी ने कहा कि वह गांधीवादी तरीके से लड़ाई लड़ेगी और प्रेम, करुणा तथा दृढ़ता के साथ भाजपा को हराएगी। गांधी को सोमवार को उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने 2018 में तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ उनकी टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में बरी कर दिया। शिकायतकर्ता विजय मिश्रा के वकील संतोष पांडे ने कहा कि अदालत ने गांधी को बरी कर दिया है। गांधी के बरी होने के बाद उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में अदालत परिसर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर फैसले का जश्न मनाया। 


गांधी के परिसर से बाहर निकलने पर कार्यकर्ताओं ने ‘‘सत्यमेव जयते’’ के नारे भी लगाए। कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में गांधी के पूर्व में दिए गए बयान का हवाला दिया, जिसमें गांधी ने कहा था, ‘‘भारत में लोग भूल जाते हैं कि भाजपा के अध्यक्ष हत्या के आरोपी हैं। यह सच्चाई है। ईमानदारी और शालीनता की बात करने वाली पार्टी के अध्यक्ष के रूप में एक ऐसा व्यक्ति है जिस पर हत्या का आरोप लगाया गया है।’’ वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘माननीय अदालत ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अमित शाह के बारे में 2018 में राहुल जी के बयान में कुछ भी मानहानि करने वाला नहीं था।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘तथ्य हमारे सामने हैं कि यह अपराधियों द्वारा संचालित पार्टी है, जो सबसे गंभीर अपराध करने वालों को सत्ता के सर्वोच्च पदों तक पहुंचा रही है।’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘इन अपराधियों को हराने के लिए हमारा संघर्ष जारी है। हम गांधीवादी तरीके से लड़ेंगे और प्रेम, करुणा तथा दृढ़ता के साथ उन्हें हराएंगे। सत्यमेव जयते।’’

कोई टिप्पणी नहीं: