फतेहपुर : सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर सपा ने तीनों तहसीलों में किया प्रदर्शन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 30 अगस्त 2025

फतेहपुर : सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर सपा ने तीनों तहसीलों में किया प्रदर्शन

  • 9 सूत्रीय मांगों के साथ सपाइयों ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन 
  • खागा में विधायक ऊषा मौर्या ने अपने समर्थकों के साथ किया प्रदर्शन
  • बड़े दिनों के बाद दिखा विपक्ष का बड़ा प्रदर्शन

Sp-protest-fatehpur
फतेहपुर (रजनीश के झा)। । सरकार की जनविरोधी नीतियों और महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिले की तीनों तहसीलों—फतेहपुर सदर, खागा और बिंदकी में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार जनता की समस्याओं को सुलझाने में नाकाम रही है और विकास कार्य सिर्फ कागजों पर दिखाए जा रहे हैं। सपा के द्वारा प्रत्येक तहसील में राज्यपाल के नाम 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश में यूरिया की किल्लत के साथ ही बिजली समस्या से निपटने के लिए आवाज उठाई गई है।


सदर तहसील में हंगामा और नारेबाजी

सदर तहसील मुख्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए सपाइयों ने “जनता का हक दो, रोजगार दो”, “महंगाई पर लगाम लगाओ” जैसे नारे लगाए। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिल रहा, वहीं बेरोजगार युवाओं को नौकरी के नाम पर सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। इस दौरान सांसद नरेश उत्तम पटेल, विधायक चंद्र प्रकाश लोधी सहित जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह, जिला महासचिव मंज़र यार सहित सैकड़ों की तादाद में नेताओं ने हल्ला बोल कर प्रदर्शन किया।


खागा तहसील में सरकार पर निशाना

खागा तहसील में सपा नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार बुरी तरह प्रभावित हैं। बिजली दरों में बढ़ोतरी, डीजल-पेट्रोल और खाद्यान्न की महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं सुधरे तो सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान सपा नेत्री एवं हुसेनगंज विधायक ऊषा मौर्या ने सरकार पर जमकर प्रहार करते हुए किसान विरोधी सरकार बताकर भाजपा से किसानों के लिए रहम करते हुए बिजली, खाद जैसे संकट से उबरने की बात कही है। इस दौरान खागा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस के साथ ही युवा नेता नरेश कोरी ने मजबूती से नेतृत्व संभालते हुए सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए जमकर प्रदर्शन किया। 


बिंदकी में सौंपा ज्ञापन

बिंदकी तहसील में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सरकार की नीतियों से किसानों, नौजवानों, छात्रों और व्यापारियों में गहरी नाराजगी है। सपाइयों ने मांग की है कि बढ़ती महंगाई पर रोक लगाई जाए, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए और किसानों के लिए राहत पैकेज घोषित किया जाए। यहां भी महेंद्र बहादुर सिंह एवं अन्य स्थानीय नेताओं ने शानदार प्रदर्शन कर सरकार के विरुद्ध हल्ला बोल कर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया।

 

पुलिस बल तैनात, लेकिन शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन

तीनों तहसीलों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी, लेकिन प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। प्रशासन ने ज्ञापन लेने के बाद समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान सपा नेताओं ने कहा कि जनता के हक और अधिकार की लड़ाई सड़क पर लड़ते रहेंगे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आने वाले चुनाव में जनता सरकार को उसकी नीतियों का जवाब देगी।

कोई टिप्पणी नहीं: