सीहोर : पितृ गणों के नाम पर 11 हजार वृक्ष लगाऐगा अखिल विश्व गायत्री परिवार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 11 सितंबर 2025

सीहोर : पितृ गणों के नाम पर 11 हजार वृक्ष लगाऐगा अखिल विश्व गायत्री परिवार

Gayatri-pariwar-sehore
सीहोर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांति कुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में मातृ शक्ति अखण्ड-दीप जन्म शताब्दी वर्ष के पावन पर्व पर पितृ गणों के नाम पर 11 हजार वृक्षों का रोपण किया जाएगा। पौधारोपण जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ जिले के ग्राम सेमरा दाँगी स्थित प्राचीन साबल माता बाडली मंदिर पहाड़ी पर 1100 पौधों का रोपण कर 13 सितंबर शनिवार को किया जाएगा। इस से पहले 12 सितंबर शुक्रवार की शाम ग्राम के प्रमुख मार्गो से दीपयज्ञ और वृक्षगंगा कांवड यात्रा निकाली जाएगी। गायत्री परिवार के द्वारा आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांति कुंज युवा प्रकोष्ठ जिला संयोजक मनोहर दांगी ने बताया कि वृक्षारोपण आयोजन में उपस्थित जन समुदाय को एक-एक वृक्ष वृक्षगंगा अभियान के अंतर्गत सप्रेम भेट किया जाएगा। श्रद्धालुजन अपने पितरों के निमित्त एक वृक्ष अपने हाथ से रोपित करेंगे।श्रद्धावानजनों को गायत्री परिवार पितृ पक्ष में तरुपुत्र तरुमित्र महायज्ञ में भागीदारी कर अपने रूठे असंतुष्ट पूर्वज पितृ गणों को तृप्त करने का महान सु अवसर प्रदान कर रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन मानव धन,सनातन संस्कृति का वैज्ञानिक महत्व,108 वेदीय दीप महायज्ञ,अखंड ज्योति के दिव्य प्रकाश से दिव्य जीवन की यात्रा विषय पर वरिष्ठजनों के व्याख्यान होंगे।


जिला संयोजक मनोहर दांगी ने कहा कि शास्त्र में वर्णन आता है कि दस कुओं के बराबर एक वावड़ी तथा दस वावड़ी के समान एक सरोवर बनाने का पुण्य फल एक संस्कार वान पुत्र पैदा करने से मिलता है साथ ही यदि संतान संस्कार वान न निकली तो कुसंस्कारी संतानों के कुकर्मों से पितर नर्क में गिरते है किन्तु ऐसे 10 पुत्रों को पैदा कर उनकी परवरिश करने का पुण्य फल मात्र एक वृक्ष लगाने से प्राप्त हो जाता है, चूँकि वृक्ष कोई कुकृत्य करते नहीं इसलिए इस अपार पुण्य कार्य का सुफल प्राप्त होता है और स्वर्गीय पूर्वजों पुरखों का आशीर्वाद भी मिलता है। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांति कुंज के मध्य प्रदेश जोन प्रभारी जगदीश चंद्र कुलमी,जोनल समन्वयक मध्य प्रदेश राजेश पटेल,राष्ट्रीय युवा प्रकोष्ठ प्रभारी केदार प्रसाद दुबे,उप जोन समन्वयक रघुनाथ प्रसाद हजारी,जिला समन्वयक प्रेमलाल कुशवाहा,युग्मनीषी पं. मेवालाल पाटीदार,आयोजक मंडल के अनिल सिंह, राजेश सिंह, अरविंद सिंह एवं समस्त गायत्री परिजनों ने श्रद्धालुजनों से पौधरोपण दीपयज्ञ वृक्षगंगा कांवड़ यात्रा कार्यक्रम में सम्मिलित होने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं: