- गाय के गोबर से बने होंगे एक लाख दीप, चेत सिंह घाट पर लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी देंगे अनूठा पर्यावरणीय संदेश
गंगा महोत्सव देगा सांस्कृतिक रसधार
देव दीपावली से पहले 1 से 4 नवंबर तक राजघाट पर गंगा महोत्सव का आयोजन होगा। इसमें स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां, शास्त्रीय संगीत और नृत्य की झलकियां संस्कृति का अनूठा संगम दिखाएँगी। चेत सिंह घाट पर लेजर शो के जरिए काशी की प्राचीन धार्मिक कथाओं को जीवंत किया जाएगा, जबकि गंगा पार रेत पर प्रदूषण रहित ग्रीन आतिशबाजी रात के आकाश को हरियाली का संदेश देगी। संयुक्त निदेशक (पर्यटन) दिनेश कुमार के अनुसार, घाटों की विशेष सफाई और सुरक्षा इंतजाम पूरे जोर-शोर से चल रहे हैं। डिजाइनर दीपों की कतार और लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक मिलकर काशी की अनुपम आभा को और चमत्कारी बना देंगे।
पर्यावरण व आस्था का अनोखा संगम
गाय के गोबर से बने दीप न केवल पर्यावरण-संरक्षण का प्रतीक हैं, बल्कि यह परंपरा और आधुनिक सोच का अद्भुत समन्वय भी प्रस्तुत करते हैं। देव दीपावली का यह आयोजन गंगा की महिमा, काशी की संस्कृति और आस्था के अद्वितीय संगम का संसार को संदेश देगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें