उन्होंने कहा ,‘‘ पाकिस्तान में महिला क्रिकेट को उस तरह कैरियर विकल्प के रूप में नहीं देखा जाता और उतना समर्थन नहीं है लेकिन अगर हम अच्छा खेलते हैं तो काफी फर्क पड़ेगा । हमारी कोशिश पाकिस्तान में माता पिता को प्रेरित करने की होगी कि वे अपनी लड़कियों को खेलों में कैरियर बनाने के लिये हौसलाअफजाई करें ।’’ गेंदबाजों खासकर स्पिनरों को वह टीम की कामयाबी की कुंजी मानती हैं लेकिन उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी पर भी पिछले एक साल में काफी काम किया गया है । उन्होंने कहा ,‘‘ हमारे पास आला दर्जे के गेंदबाज हैं और स्पिनर हमारे ट्रंपकार्ड होंगे । हम बल्लेबाजी से ज्यादा गेंदबाजी पर निर्भर करेंगे लेकिन पिछले एक साल में बल्लेबाजी पर काफी काम किया है जिसका नतीजा मिलेगा ।’’ उन्होंने कहा कि टीम का फोकस क्वालीफायर वाली लय को कायम रखने पर होगा और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टूर्नामेंट से पहले होने वाली तीन मैचों की श्रृंखला से टीम संयोजन तैयार करने में मदद मिलेगी । उन्होंने कहा ,‘‘ टीम अच्छी लय में है और क्वालीफायर में उम्दा प्रदर्शन के बाद सभी का मनोबल बढा हुआ है ।कमोबेश वही खिलाड़ी टीम में है जो क्वालीफायर खेले थे। छह खिलाड़ियों का यह पहला विश्व कप है और वे काफी उत्साहित हैं ।’’ लाहौर में शिविर में अभ्यास कर रही पाकिस्तानी टीम ने अप्रैल में क्वालीफायर्स के बाद घरेलू मैच ही खेले हैं लेकिन कप्तान तैयारियों से संतुष्ट है । उन्होंने कहा ,‘‘ हमने घरेलू क्रिकेट में आपस में मैच खेले थे । टूर्नामेंट से पहले दक्षिण अफ्रीका से श्रृंखला खेलनी है जिसमें टीम संयोजन तैयार करने की कोशिश करेंगे । हम चाहेंगे कि विश्व कप के दबाव को नहीं लेकर खिलाड़ी स्वाभाविक खेल दिखायें ।’’ आस्ट्रेलिया को खिताब की प्रबल दावेदार बताते हुए फातिमा ने कहा कि सेमीफाइनल की चार टीमों को लेकर कयास नहीं लगाया जा सकता लेकिन भारत का प्रदर्शन भी लगातार अच्छा रहा है । उन्होंने कहा ,‘‘ मेरी पसंदीदा टीम आस्ट्रेलिया है । शीर्ष चार के बारे में कहना मुश्किल है लेकिन भारत का प्रदर्शन पिछले कुछ अर्से में बहुत अच्छा रहा है । उनके पास जेमिमा , स्मृति और हरमनप्रीत जैसे काफी अनुभवी खिलाड़ी है लेकिन हम किसी एक खिलाड़ी पर फोकस नहीं करेंगे ।’’ उन्होंने यह भी कहा कि मेजबान होने के नाते भारत पर दबाव होगा लेकिन घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा भी मिलेगा । फातिमा ने कहा ,‘‘ भारत ने कभी विश्व कप नहीं जीता है और मेजबान होने के नाते जीत का दबाव तो होगा ही लेकिन इसके साथ घरेलू दर्शकों के होने से मनोबल भी बढता है । अब यह टीम पर निर्भर करता है कि वह इसे कैसे लेते हैं ।’’ बचपन से आस्ट्रेलियाई धुरंधर एलिसे पैरी की मुरीद यह हरफनमौला उनके और विराट कोहली के कारण आईपीएल चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के मैच भी देखती आई हैं । उन्होंने कहा ,‘‘ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू मेरी पसंदीदा टीम है विराट और एलिसे पैरी की वजह से ।
आरसीबी के आईपीएल सफर से काफी कुछ सीखने को मिला खासकर विराट का मैदान पर रवैया और फिटनेस काबिले तारीफ है ।’’ कराची में 11 वर्ष की उम्र में अपने भाइयों के साथ स्ट्रीट क्रिकेट खेलकर शुरूआत करने वाली फातिमा ने कभी सोचा भी नहीं था कि वह एक दिन विश्व कप में कप्तानी करेंगी । उनके पिता उनके आदर्श रहे जिनका पिछले साल टी20 विश्व कप के दौरान निधन हो गया लेकिन इस दुख को भुलाकर फातिमा ने टीम के लिये खेला । उन्होंने कहा ,‘‘ मैने जब भाइयों के साथ खेलना शुरू किया तब मुझे पता भी नहीं था कि महिला क्रिकेट टीम भी होती है । भाई के क्लब के कोच मुझे कराची में नेशनल स्टेडियम ले गए और वहीं से शुरूआत हुई । परिवार ने हर कदम पर मेरा साथ दिया ।’’ पिता को खोने के बावजूद टी20 विश्व कप में खेलने के फैसले के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘ पापा सारे मैच देख रहे थे और अचानक ही यह सब हो गया। पूरा परिवार चाहता था कि मैं पापा की इच्छा पूरी करूं और खेलूं और मैने वही किया ।’’ इससे पहले सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली भी अपने पिता को खोने के बाद टीम के साथ खेलने के लिये लौटे थे । क्या उन्हें इसके बारे में पता था, यह पूछने पर फातिमा ने कहा ,‘‘विराट का तो पता था, लेकिन सचिन का नहीं ।’’

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें