सीहोर : भगवान की कृपा हमारे जीवन की सबसे बड़ी धरोहर : कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 29 जनवरी 2026

सीहोर : भगवान की कृपा हमारे जीवन की सबसे बड़ी धरोहर : कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा

  • शिव महापुराण के माध्यम से नारी शक्ति महिला मंडल की पहल-1001 से अधिक पौधों का वितरण

Bhagwat-katha-sehore
सीहोर। भगवान की कृपा यह कृपा हमारे जीवन को सार्थक बनाने की सबसे बड़ी शक्ति है। भगवान की कृपा हम सबके ऊपर है, और यही कृपा है जो हमें इस देव दुर्लभ मनुष्य जन्म को प्राप्त करने का अवसर देती है। भगवान की कृपा न होती, तो हमें यह जीवन नहीं मिलता। इसलिए, हमें कभी भी यह नहीं मानना चाहिए कि भगवान की कृपा हम पर कम है। भगवान की कृपा तो अनंत है और वह हम सभी पर बरसती रहती है। उक्त विचार शहर के बड़ा बाजार स्थित अग्रवाल धर्मशाला में नारी शक्ति महिला मंडल और मध्यप्रदेश अग्रवाल महासभा जिला इकाई सीहोर के तत्वाधान में जारी सात दिवसीय शिव महापुराण के चौथे दिवस कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा ने कहे। गुरुवार को भगवान श्रीगणेश और कार्तिकेय के जन्म का विस्तार से वर्णन किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहाकि जैसे एक माता अपने बच्चे के कल्याण के लिए कठिनाइयों का सामना करती है, वैसे ही भगवान हमें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। ये चुनौतियां हमें मजबूत बनाने और हमारे जीवन को सार्थक बनाने के लिए आती हैं। माता पार्वती ने भगवान गणेश और कार्तिकेय को संस्कार दिए है तभी उनका जगत में नाम है।


भगवान के उपदेशों को चरित्र में उतारने से जीवन सार्थक हो जाता

कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा ने कहाकि भगवान के उपदेशों को चरित्र में उतारने से जीवन सार्थक हो जाता है। जीवन में हर पल व्यक्ति को सहारे की आवश्यकता पड़ती है। वह ईश्वर को उस वक्त याद करता है, जब उसके करीबी साथ छोड़ जाते हैं। जीवन को सार्थक बनाने के लिए हमें धर्म के पथ पर आगे बढ़कर सद्भाव से असहाय लोगों की मदद करनी चाहिए।


भगवान गणेश और कार्तिकेय के जन्म प्रसंग

कथा के चौथे दिवस पंडित राघव मिश्रा ने भगवान गणेश और कार्तिकेय के जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि माता पार्वती ने अपने उबटन से गणेश जी की रचना कर द्वारपाल बनाया, किंतु भगवान शिव ने उनका मस्तक काट दिया। देवताओं के परामर्श से हाथी का मस्तक लगाकर उन्हें पुनर्जीवन मिला और इसी कारण गणेश जी को प्रथम पूज्य होने का वरदान मिला। भगवान कार्तिकेय के जन्म और पालन-पोषण का वर्णन भी किया। उन्होंने बताया कि कार्तिकेय ने असुर तारकासुर का वध कर देवताओं को भयमुक्त किया, जिससे धर्म, शौर्य और सत्य की विजय का संदेश मिलता है।


कथा के दौरान महिला मंडल की पहल

नारी शक्ति महिला मंडल और मध्यप्रदेश अग्रवाल महासभा जिला इकाई सीहोर के तत्वाधान में जारी इस शिव महापुराण कथा के दौरान करीब 1001 पौधों का वितरण किया जाएगा। इसको लेकर आयोजन समिति की ओर से श्रीमती ज्योति अग्रवाल, श्रीमती अंजू अग्रवाल ने बताया कि यहां कथा का श्रवण करने और यहां पर आए अतिथियों को पौधों का वितरण किया जा रहा है। शुक्रवार को कथा के पांचवे दिवस भगवान श्रीगणेश का विवाह महोत्सव का वर्णन किया जाएगा। 

कोई टिप्पणी नहीं: