दिल्ली : हिंदू कालेज में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर संगोष्ठी आयोजित - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 24 फ़रवरी 2026

दिल्ली : हिंदू कालेज में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर संगोष्ठी आयोजित

Seminar-hindu-college
नई दिल्ली (रजनीश के झा)। हिंदू कालेज में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मातृभाषाओं में अध्ययन अध्यापन के संकल्प का स्मरण करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति को समझने के लिए मातृभाषाओं का सम्मान सबसे आवश्यक है। संगोष्ठी की मुख्य वक्ता के रूप में दर्शन शास्त्र की सह आचार्य डॉ अनन्या बरुआ ने कहा मातृभाषा में पढ़ना और सीखना अधिक बोधगम्य है जो हमारी क्षमताओं को और अधिक पढ़ाएगा। उन्होंने अपनी मातृभाषा असमिया में कुछ पदों का गायन करते हुए कहा कि  साहित्य के साथ साथ विज्ञान और सामाजिकी में भी मातृभाषाओं के अधिकाधिक व्यवहार की जरूरत है। डॉ बरुआ ने भारत के उत्तर पूर्वी राज्यों में बोली जाने वाली अनेक भाषाओं का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि अकेले मणिपुर में ही अनेक आदिवासी भाषाएं हैं जिनमें देशज ज्ञान का भंडार है। 


संस्कृत के शिक्षक डॉ पूरणमल वर्मा ने इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों को मातृभाषा में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि मातृभाषाओं का सम्मान हम सबका सामूहिक कर्त्तव्य है। डॉ वर्मा ने राजस्थानी की एक लोककथा के माध्यम से भारतीय संस्कृति में अंतर्निहित नैतिक मूल्यों की चर्चा भी की। संगोष्ठी में डॉ देवांशी मग्गू  ने कहा कि घर में बोली जाने वाली भाषा वृहद ज्ञान, कौशल और अभिव्यक्ति का माध्यम बन सके इसके लिए उच्च शिक्षा से जुड़े शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को आगे आना होगा।  इससे पहले राष्ट्रीय सेवा योजना  के अध्यक्ष निशांत सिंह ने प्राचार्य प्रो अंजू श्रीवास्तव का मातृ भाषा पर संदेश का वाचन किया, जिसमें बताया गया कि हिंदू कालेज में ही देश भर में बोली जाने वाली अनेक भाषाओं के विद्यार्थी हैं जो मिलकर मातृ भाषा के हमारे सभी संकल्पों को पूरा कर सकते हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ पल्लव ने इस अवसर पर बताया कि महाविद्यालय की इकाई ने देश की अनेक भाषाओं को बोलने जानने वाले विद्यार्थियों को आपस में इन भाषाओं को सीखने और अधिकाधिक व्यवहार के लिए प्रोत्साहित करने के लिए गतिविधियों का आयोजन किया है। हिन्दी विभाग प्रभारी प्रो बिमलेंदु तीर्थंकर, डॉ नीलम सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने भी संगोष्ठी में विचार व्यक्त किए। इससे पहले राष्ट्रीय सेवा योजना उपाध्यक्ष नेहा यादव ने सभी का फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। अंत में अध्यक्ष निशांत सिंह ने आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं: