वाराणसी : काशी का हरित महाअभियान : एक घंटे में 2.51 लाख पौधे, ‘मन की बात’ में गूंजा जनसंकल्प - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 29 मार्च 2026

वाराणसी : काशी का हरित महाअभियान : एक घंटे में 2.51 लाख पौधे, ‘मन की बात’ में गूंजा जनसंकल्प

  • पीएम नरेंद्र मोदी ने की सराहना, वाराणसी में बना गिनीज रिकॉर्ड, जनभागीदारी से हरित विकास का नया मॉडल स्थापित
  • यह अभियान रिकॉर्ड नहीं, संदेश है, जनसहभागिता और संकल्प मजबूत हो, तो पर्यावरण संरक्षण जैसे बड़े लक्ष्य भी सहज ही हासिल किए जा सकते हैं : एके शर्मा

Harit-kranti-varanasi
वाराणसी (सुरेश गांधी). धर्म और अध्यात्म की नगरी वाराणसी ने अब पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी ऐसा इतिहास रच दिया है, जिसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है। शहर में नगर निगम के नेतृत्व में चलाए गए अभूतपूर्व वृक्षारोपण अभियान ने एक घंटे में 2.51 लाख से अधिक पौधे रोपकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि की चर्चा देश के सर्वोच्च मंच तक पहुंची, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात में काशी के इस प्रयास को विशेष रूप से सराहा। उन्होंने इसे “जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण” बताते हुए कहा कि जब समाज और सरकार एक दिशा में मिलकर काम करते हैं, तो बड़े से बड़ा लक्ष्य भी संभव हो जाता है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में “एक पेड़ माँ के नाम” जैसे भावनात्मक अभियान का उल्लेख करते हुए देशवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि भावनात्मक और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। इस महाअभियान की सबसे बड़ी ताकत इसकी व्यापक जनभागीदारी रही। विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न सरकारी विभागों ने एकजुट होकर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दे दिया। शहर के विभिन्न हिस्सों में एक साथ पौधरोपण कर लोगों ने पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। पूरे अभियान को सफल बनाने में नगर निगम की सुनियोजित रणनीति और प्रशासनिक समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तय समय सीमा के भीतर इतने बड़े स्तर पर पौधरोपण कराना अपने आप में एक चुनौती थी, जिसे प्रशासन ने कुशल प्रबंधन से संभव कर दिखाया।


यह पहल प्रदेश के अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणा बनेगी : ए के शर्मा

Harit-kranti-varanasi
उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए के शर्मा ने इस उपलब्धि पर नगर निगम की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश के अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि नगर विकास विभाग द्वारा प्रदेश भर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में इस तरह के नवाचारों को और गति दी जाएगी, ताकि उत्तर प्रदेश को स्वच्छ, हरित और सतत विकास की दिशा में अग्रणी बनाया जा सके। काशी का यह अभियान केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि एक संदेश है, यदि जनसहभागिता और संकल्प मजबूत हो, तो पर्यावरण संरक्षण जैसे बड़े लक्ष्य भी सहज ही हासिल किए जा सकते हैं। यह पहल न सिर्फ उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश के लिए एक अनुकरणीय मॉडल बनकर उभरी है।


भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना पीएम का संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 132वें संस्करण को रविवार को वाराणसी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सुना। शहर के विभिन्न बूथों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए तथा प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के तहत भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कैंट विधानसभा के रविदास मंडल स्थित बूथ संख्या 116 पर, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने रोहनिया विधानसभा के कंचनपुर स्थित बूथ संख्या 185 पर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने जवाहर नगर स्थित बूथ संख्या 337 पर, जबकि पार्षद संतोष सोलापुरकर ने बिंदुमाधव वार्ड के बूथ संख्या 257 पर; आयुष मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु ने सिगरा स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए विषयों, विशेषकर पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण, को अपने-अपने स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया. 

कोई टिप्पणी नहीं: